हनुमानगढ़

Rajasthan: संगरिया रेलवे स्टेशन पर भी ठहरेगी बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन, सीमावर्ती इलाके के लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा

हनुमानगढ़ जिले के सीमावर्ती इलाके के लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों और रेल संघर्ष समिति के लगातार प्रयासों के बाद रेलवे प्रशासन ने बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन का संगरिया रेलवे स्टेशन पर ठहराव मंजूर कर दिया, जिससे पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

2 min read
संगरिया रेलवे स्टेशन (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

हनुमानगढ़। सीमावर्ती क्षेत्र संगरिया के लोगों के लिए आखिरकार राहतभरी खबर सामने आई है। दिनभर चली लगातार मशक्कत, जनसंपर्क और क्षेत्रवासियों के संयुक्त प्रयासों के बाद रेलवे प्रशासन ने बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संगरिया रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत कर दिया। रेलवे के इस निर्णय के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे एकजुटता की बड़ी जीत मान रहे हैं।

गाड़ी संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार द्वि-साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को शाम 5:53 बजे संगरिया रेलवे स्टेशन पहुंचेगी तथा दो मिनट के ठहराव के बाद 5:55 बजे रवाना होगी।

ये भी पढ़ें

Railways Big Decision : हरिद्वार-बाड़मेर समर होली डे स्पेशल ट्रेन का समय बदला, 7 अहम ट्रेनें आंशिक रुप से रद्द

सप्ताह में दो दिन चलती है ट्रेन

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को दोपहर 3:38 बजे संगरिया पहुंचेगी और 3:40 बजे प्रस्थान करेगी। इस संबंध में जोनल रेल परामर्शदात्री समिति सदस्य अरुण अरोड़ा और स्टेशन अधीक्षक प्रवीण दीक्षित ने पुष्टि की।

लोगों में थी नाराजगी

दरअसल, पहले रेलवे की ओर से जारी सूची में संगरिया स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई थी। रेल संघर्ष समिति, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने इसे सीमावर्ती क्षेत्र की उपेक्षा बताते हुए रेल मंत्री, उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन एवं ईमेल भेजकर ठहराव की मांग उठाई थी।

सीमावर्ती इलाके का बड़ा स्टेशन

रेल संघर्ष समिति का कहना था कि हनुमानगढ़ मंडी और मंडी डबवाली के बीच राजस्थान सीमा का अंतिम बड़ा स्टेशन होने के बावजूद संगरिया की लगातार अनदेखी की जा रही है। धर्मनगरी और शिक्षानगरी के रूप में पहचान रखने वाले इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्यार्थी, व्यापारी और आमजन हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण धार्मिक रेलसेवा का ठहराव नहीं होना लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था।

इन लोगों ने किए प्रयास

श्रीहित राधा नाम संकीर्तन मंडल, अखिल भारतीय साहित्यकार संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों ने भी आंदोलन और मांग का समर्थन किया। संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सभी सहयोगी संगठनों का आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

ये भी पढ़ें

Indian Railways: जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत का रूट बदला, कई ट्रेनों को किया गया आंशिक रद्द, देखें पूरी लिस्ट
Published on:
10 May 2026 04:49 pm
Also Read
View All