
Indian Railway
जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की जयपुर-रेवाड़ी रेल लाइन पर खैरथल-पड़ीसल और पड़ीसल-अलवर स्टेशनों के बीच रेलवे अंडरब्रिज (RUB) बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इस निर्माण कार्य के कारण कई ट्रेनों के मार्ग और संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस (26481) रविवार को बदले हुए मार्ग से संचालित की गई। यह ट्रेन जयपुर-रींगस-रेवाड़ी होकर दिल्ली कैंट पहुंची। इसी तरह वापसी में दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (26482) भी रेवाड़ी-रींगस-जयपुर मार्ग से संचालित होगी। रेलवे ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने तक कुछ ट्रेनों का संचालन इसी तरह बदले हुए मार्ग से किया जा सकता है।
इसके अलावा कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह बदलाव यात्रियों की सुरक्षा और निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए किए गए हैं।
Updated on:
10 May 2026 02:21 pm
Published on:
10 May 2026 02:21 pm
