
जोधपुर में बन रहा फोरलेन फ्लाईओवर। फोटो: एस.के. मुन्ना, ड्रोन सहयोगी संपत प्रजापत
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर में पाल रोड नहर चौराहे पर 79 करोड़ की लागत से 760 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण अब गति पकड़ रहा है। नहर चौराहे से दोनों ओर की सड़कों पर इसका निर्माण चल रहा है। अब इसके पिलर दिखने लगे हैं और अगले साल तक इसका काम पूरा करना है। इस ओवरब्रिज से एम्स जोधपुर आने-जाने वाले मरीजों को राहत मिलेगी।
बता दें कि अभी ओवरब्रिज के प्रस्तावित हिस्से में दोनों ओर सर्विस रोड की जगह छोड़कर बैरिकेडिंग लगाकर काम किया जा रहा है। पिलर तैयार किए जा रहे है। दोनों ओर पिलर तैयार होने के बाद फ्लाईओवर का निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा। फ्लाईओवर कार्य के चलते सड़क काफी संकरी हो गई है, ऐसे में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
नहर चौराहा पहले से ही जोधपुर शहर का प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट है, जहां से एम्स, बनाड़ रोड, नागौर रोड और शहर के अन्य हिस्सों की ओर आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क संकरी होने से वाहनों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। वाहन चालकों को ट्रैफिक पॉइंट पार करने में करीब 10 मिनट तक लग जाते है। शाम के समय तो और भी लंबा जाम लग जाता है।
फ्लाईओवर 760 मीटर लंबा और फोरलेन होगा। इसे बनाने में 79.18 करोड़ रु. खर्च होंगे। जब यह बनकर तैयार होगा तो 12 बड़े अस्पतालों सहित 30 कॉलोनियों के लोगों की राह आसान होगी। बाड़मेर-बालोतरा व जैसलमेर आने-जाने वाले वाहनों के अलावा एंबुलेंसों के जाम में फंसने की समस्या खत्म हो जाएगी।
वर्तमान में इस मार्ग पर रोजाना करीब 10 हजार पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) का ट्रैफिक लोड रहता है, जो आने वाले वर्षों में और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस ओवरब्रिज का निर्माण वर्ष 2027 तक पूरा कर लिया जाए। नहर चौराहा पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Updated on:
09 May 2026 12:02 pm
Published on:
09 May 2026 09:04 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
