
शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। जल्दी ही आरयूआईडीपी शहर की सभी पेयजल पाइप लाइन बदलने का कार्य शुरू करेगी। इसके लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है जो सिरे चढऩे पर अप्रेल वर्क आर्डर जारी हो सकेंगे। पेयजल पाइप लाइन बदलने सहित अन्य सभी कार्य अनुबंधित कंपनी को तीस माह के भीतर पूरे करने होंगे।
इसके लिए 290 करोड़ रुपए का बजट मंजूर हो चुका है। इससे पेयजल पाइप लाइन के अलावा शेष रही सीवरेज की चालीस प्रतिशत पाइप लाइन डालने का कार्य भी शामिल है। अधिकारियों का दावा है कि यह कार्य पूर्ण होने के बाद हनुमानगढ़ शहर में कहीं भी पेयजल की किल्लत नहीं होगी। लीकेज की समस्या भी दूर होगी। इससे मटमैले पानी की आपूर्ति की शिकायत स्वत: ही कम हो जाएगी।
फिलहाल टाउन व जंक्शन में 12 उच्च जलाशय हैं। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पीएचईडी केवल पांच उच्च जलाशय का ही प्रयोग करेगी। इनमें से टाउन धानमंडी व कल्याण भूमि के पास स्थित उच्च जलाशय शामिल हैं। भटनेर दुर्ग के पास स्थित टंकी को काम में नहीं लिया जाएगा। जंक्शन की खुंजा व सेक्टर-12 के अलावा कोई भी टंकी पेयजल सप्लाई में काम नहीं ली जाएगी। अधिकारियों की माने तो टाउन व जंक्शन में चालीस हजार पेयजल मीटर लगने से शहर के नागरिक अत्यधिक बिल आने की आशंका के चलते पानी की बचत करेंगे। इसका फायदा भविष्य में दिखेगा।
संगरिया बाइपास पर आरयूआईडीपी नहर के पानी का 758 लाख का स्टोरेज टैंक का निर्माण किया जाएगा। यह पानी 34 लाख लीटर की क्षमता के ग्राउंट वाटर स्टोरेज में एकत्र कर पानी को स्वच्छ कर सप्लाई किया जाएगा। इसके अलावा सात लाख लीटर पेयजल क्षमता के चार सीडब्ल्यूआर का भी निर्माण होगा। यहां से पानी को पंप करके टाउन व जंक्शन के चालीस हजार घरों में पहुंचाने का कार्य होगा।
टाउन व जंक्शन के विभिन्न इलाकों में 34.51 किलोमीटर की मुख्य पेयजल पाइप लाइन डाली जाएगी। इन बड़ी पाइप लाइन से हाई पॉलिथिन एथीलिन की 500 किलोमीटर छोटी पाइप लाइन घरों तक डाली जाएगी। इससे भविष्य में पाइप लाइन लीकेज होने का भी डर नहीं रहेगा। इसके अलावा टाउन व जंक्शन में चालीस हजार पेयजल मीटर लगाने का कार्य भी इसी प्रोजेक्ट में होगा।
आरयूआईडीपी ने 290 करोड़ के प्रोजेक्ट में शहर में शेष रही सीवरेज पाइप लाइन डालने का कार्य भी शामिल किया है। इसमें फर्म को टाउन व जंक्शन में 133 किलोमीटर सीवरेज लाइन डालनी होगी। इसमें जंक्शन में चार लाख लीटर व टाउन में दो लाख लीटर का पंप हाऊस बनाया जाएगा।
जंक्शन स्थित गुरुनानक नगर में छह बिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता का गंदे पानी को पंप करने के लिए स्टोरेज टैंक का निर्माण होगा। इसके साथ-साथ 500 किलोलीटर के दो एसटीपी व इसके पास 250 किलोलीटर के दो ग्राउंड स्टोरेज टैंक बनाए जाएंगे। इस पानी को ट्रीट करके खेतों में किसानों को देने की योजना तैयार की गई है।