
घटनास्थल का फोटो (Photo Source - Patrika)
Rajgarh news:मध्यप्रदेश के राजगढ़-ब्यावरा के बीच जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि करीब 50 मीटर के दायरे में युवक के शरीर के अंग बिखर गए। घटनास्थल पर कहीं हाथ तो कहीं सिर और पैर पड़े मिले। टक्कर के बाद बाइक भी करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली थाना राजगढ़ पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को संभाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस बाइक के पंजीयन नंबर के आधार पर युवक की जानकारी जुटाने में लगी है। आसपास के गांव के भी पुलिस पता लगा रही है, जिससे व्यक्ति की जल्द से जल्द पहचान हो सके।
घटनास्थल से गुजर रहे लोगों के मुताबिक हादसे के दौरान वहां एक बुजुर्ग महिला भी मौजूद थी। वह घटनास्थल पर बैठी रोती हुई दिखाई दी। महिला का मृतक से क्या संबंध है और वह बाइक पर उसके साथ थी या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के अनुसार पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मृत व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटा ली जाएगी।
बाइक की तेज रफ्तार ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। यह पहला हादसा नहीं जो राजगढ़-ब्यावरा के बीच हुआ, एक दिन पहले भी होमगार्ड ऑफिस के सामने हादसा हुआ था, जिसमें करीब चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। बेकाबू मोटर साइकिलें और रफ्तार से चलने वाले ट्रक, डम्पर हादसे का कारण बन रहे हैं। न कोई हेलमेट पहन रहा न ही कोई ध्यान दे रहा, इसीलिए त्योहारी सीजन में इस तरह के हादसे हो रहे हैं और विचलित कर देने वाले दृश्य सामने आ रहे हैं।
Updated on:
5 Nov 2026, 11:01 AM IST
Published on:
5 Nov 2026, 10:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.