हनुमानगढ़

Hanumangarh Accident: एसयूवी की टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत, एक साथ बुझे घर के दोनों चिराग

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एसयूवी की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई पिता के साथ कबड्डी देखने जा रहे थे। हादसे में गांव का एक युवक घायल हुआ है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।
3 min read
hanumangarh
Hanumangarh: हादसे के बाद मौके पर पलटी बाइक और जुटे लोग (फोटो-पत्रिका)

हनुमानगढ़। संगरिया क्षेत्र के गांव नुकेरा में गोसाईं खेल मेले में कबड्डी प्रतियोगिता देखने की खुशी लेकर घर से निकले दो सगे भाइयों के लिए शुक्रवार का दिन जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया। चक हीरासिंहवाला कैंची के पास तेज गति से आई बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शाहपीनी वार्ड एक निवासी चरणजीतसिंह बाजीगर के दोनों बेटे अनमोल उर्फ मोले (10) और लक्की (15) की मौत हो गई। हादसे में गांव का ही अर्शदीप (14) घायल हो गया। दोनों भाइयों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

पिता चला रहे थे बाइक, दोनों बेटे थे साथ

शाहपीनी वार्ड एक निवासी चरणजीत सिंह पुत्र साधूराम बाजीगर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच वह अपने दोनों बेटों अनमोल और लक्की के साथ बाइकपर नुकेरा जा रहे थे। चक हीरासिंहवाला कैंची के पास सामने से तेज गति और लापरवाही से आई बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। जो इतनी जोरदार थी कि चरणजीत बाइक से उछलकर दूर जा गिरा, जबकि दोनों बेटे गंभीर घायल हो गए। पास मौजूद अर्शदीपसिंह बोलेरो की चपेट में आकर घायल हो गया।

एक के बाद दूसरे बेटे ने भी तोड़ा दम

ग्रामीणों और राहगीरों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल संगरिया पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान अनमोल ने दम तोड़ दिया। लक्की की हालत गंभीर होने पर उसे हनुमानगढ़ से बेहतर उपचार के लिए श्रीगंगानगर ले गए, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ रहे लक्की ने भी शुक्रवार शाम उपचार दौरान दम तोड़ दिया। धन धन श्री गुरु रामदास सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट सेवादार राज किंगरा, अजमेर कलसी, विजय बावा और छिंद्रपाल मठाडू अपनी एंबुलेंस से उपचार के लिए ले गए थे। अर्शदीप का हनुमानगढ़ ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।

कबड्डी दिखाने निकले पिता की गोद में आया बेटे का शव

चरणजीत नाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो ही बेटे थे। दोनों बेटों को कबड्डी दिखाने की खुशी में बाइक पर साथ लेकर निकला पिता कुछ ही देर बाद एक बेटे की मौत का गम झेल रहा था और दूसरे बेटे की जिंदगी के लिए दुआ मांग रहा था। लेकिन शाम होते-होते दूसरा बेटा भी दुनिया छोड़ गया। दोनों बेटों की मौत की खबर से मां-बाप की दुनिया ही उजड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। रिश्तेदार और ग्रामीण परिवार को संभालते रहे, लेकिन माता-पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिवार में दो ही बेटे थे और दोनों के चले जाने से घर के दोनों चिराग एक साथ बुझ गए।

यह वीडियो भी देखें :

बोलेरो चालक हादसे के बाद फरार

चरणजीतसिंह ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। जो दुलपुरा निवासी बलजिंद्रसिंह की बताई जा रही है। वाहन पर ‘राजस्थान सरकार’ लिखा है और यह सरकारी विभाग से अनुबंधित है। एएसआई विजय कस्वां मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दोपहर तक शव लेने से किया इंकार

अनमोल की मौत के बाद परिजनों ने दोपहर तक शव लेने से इंकार कर दिया था। परिजन हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग पर अड़े रहे। बाद में जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन शव लेने को राजी हुए। शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद अनमोल का शव परिजनों को सौंप दिया। लक्की की मौत के बाद उसका शव लेने के लिए पुलिस श्रीगंगानगर रवाना हो गई।

अधिकारी अस्पताल पहुंचे, मदद का भरोसा

हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व पंचायत समिति प्रधान हरदीपसिंह, अवनीश गोयल, एसडीएम जय कौशिक, डीएसपी शंकर लाल छाबा और थाना प्रभारी अमरसिंह पुलिस जाप्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

Updated on:
04 Sept 2026 07:06 pm
Published on:
04 Sept 2026 07:06 pm