
हनुमानगढ़। हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र से 3 दिन पहले लापता हुए इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार भरत सिंह सहारण, उनकी पत्नी मंजू और बेटी लता के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। टिब्बी क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर से भरत सिंह और उनकी बेटी लता के शव बरामद हुए हैं, जबकि मंजू की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार ढाणी शेरां वाली ऐलनाबाद निवासी भरत सिंह सहारण 16 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक पर अपनी पत्नी मंजू व बेटी लता के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। इसके करीब एक घंटे बाद तीनों मसीतांवाली हेड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिए। यह उनकी आखिरी ज्ञात लोकेशन थी।
इसके बाद तीनों कहां गए, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। तीनों के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए थे। मसीतांवाली हेड पर सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद परिजन राजस्थान कनाल के किनारे-किनारे तलाश कर रहे थे और लोगों से पूछताछ कर रहे थे। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे डबली कलां के पास इंदिरा गांधी नहर में लता का शव बहता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे लोगों और परिजनों ने शव की पहचान लता के रूप में की।
रात को गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। इसके कुछ समय बाद भरत सिंह का शव भी नहर में बरामद हो गया। जबकि मंजू के शव की तलाश नहर में की जा रही है। संभावना है कि तीनों बाइक सहित नहर में गिरे थे। हालांकि तीनों के नहर में गिरने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
मसीतांवाली हैड चौकी प्रभारी अजीत सिंह के अनुसार तीनों की ऐलनाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज होने के कारण शव ऐलनाबाद पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं। भरत सिंह सहारण ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव ढाणी शेरां वाली के रहने वाले हैं। नोहर रोड पर उनकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। वह अपनी मां और भाई के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। उनकी पत्नी मंजू गृहिणी हैं, जबकि बेटी लता बीबीए की पढ़ाई कर रही थी।