हनुमानगढ़. टिब्बी के राठीखेड़ा में एथेनोल फैक्टरी को लेकर चल रहा विरोध जारी है। इसी क्रम में बुधवार को तलवाडा झील की अनाज मंडी में किसानों की महापंचायत होगी। एहितयात के तौर पर जिला प्रशासन ने मंगलवार शाम को पूरे टिब्बी क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी। महापंचायत स्थल पर पुलिस की तैनाती की […]
हनुमानगढ़. टिब्बी के राठीखेड़ा में एथेनोल फैक्टरी को लेकर चल रहा विरोध जारी है। इसी क्रम में बुधवार को तलवाडा झील की अनाज मंडी में किसानों की महापंचायत होगी। एहितयात के तौर पर जिला प्रशासन ने मंगलवार शाम को पूरे टिब्बी क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी। महापंचायत स्थल पर पुलिस की तैनाती की जा जा रही है। वहीं किसान संगठनों की हर गतिविधि पर जिला प्रशासन ने नजरें बनाए हुए है। दूसरी तरफ किसान नेता मंगेज चौधरी ने कई जगह नुक्कड़ सभाएं की। मंगेज चौधरी ने बताया कि फैक्टरी का एएमयू रद्द और मुकदमें वापिस लेने की मांग माने जाने तक आंदोलन जारी रखेंगे। इस बीच जिला प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार स्थानीय तहसील एवं उपखण्ड स्तर पर तथा जिला प्रशासन द्वारा इस सम्बन्ध में निरन्तर संवाद किया जा रहा है। इसी निरन्तरता में प्रशासन की ओर से संघर्ष समिति पदाधिकारियों को 09 एवं 10 फरवरी 2026 को वार्ता के लिए आमन्त्रित किया गया। क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण प्रदूषण और भावनाओं को लेकर सरकार संवेदनशील है। इस सम्बन्ध में गठित उच्च स्तरीय कमेटी द्वारा भी प्लांट का निरीक्षण किया गया है और संघर्ष समिति के सदस्यों से वार्ता कर उनकी आशंकाओं को समझा गया है। कमेटी द्वारा रिपोर्ट सरकार को शीघ्र प्रस्तुत की जाएगी। उसी अनुसार ही अग्रिम कार्यवाही की जानी है। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वीडियो में रेलवे लाइन जाम करने व सडक़ पर चक्काजाम करने का जिक्र किया गया है। इस सम्बन्ध में जिला प्रशासन की आमजन, युवा साथियों एवं स्थानीय ग्रामीणों से आग्रह है कि इस महापंचायत में लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए भाग लें।