हनुमानगढ़

पंचायत चुनाव के लिए रवाना हुई पोलिंग पार्टियां, हनुमानगढ़ में 753 बूथों पर कल डाले जाएंगे वोट

Rajasthan Panchayat Election: हनुमानगढ़ में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। जिले की छह पंचायत समितियों के 753 बूथों पर 3 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
4 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 2:00 PM IST
hanumangarh sarpanch election
हनुमानगढ़ : फ्लैग मार्च निकालते पुलिस व प्रशासन के अधिकारी (Photo-Patrika)

हनुमानगढ़. पंचायतीराज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव में जिले की छह पंचायत समितियों में जिला परिषद सदस्यों तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को मतदान करवाया जाएगा। इसे लेकर 2 नवंबर को जंक्शन के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने तथा मतदान सामग्री वितरित करने के बाद वाहनों के माध्यम से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के चुनाव ईवीएम के माध्यम से, जबकि पंच, सरपंच एवं उपसरपंच के चुनाव मतपेटियों के माध्यम से करवाए जाएंगे।

तीसरे चरण में नोहर, पल्लू, भादरा, राजपुरा (8 बीएचडी), हनुमानगढ़ जंक्शन एवं पीलीबंगा पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इस चरण के लिए कुल 4,839 मतदान कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। इनमें नोहर के 1,455, पल्लू के 514, भादरा के 680, राजपुरा (8 बीएचडी) के 670, हनुमानगढ़ जंक्शन के 679 तथा पीलीबंगा के 841 मतदान कार्मिक शामिल हैं। तीसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान दलों एवं संबंधित अधिकारियों का अंतिम प्रशिक्षण 2 नवंबर को जंक्शन के केंद्रीय विद्यालय, हनुमानगढ़ के खेल मैदान में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान सामग्री का वितरण किया गया।

पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर चुनाव सामग्री जमा कराने तक की व्यवस्था तय

इसके पश्चात डीएवी कॉन्वेंट स्कूल के खेल मैदान से मतदान दलों को वाहनों के माध्यम से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। तीसरे चरण के चुनाव में मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं पोस्टल बैलेट से मतदान के लिए हनुमानगढ़ जंक्शन में संगरिया-गंगानगर बाइपास रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के मुख्य भवन के पीछे का खेल मैदान निर्धारित किया गया था। वहीं, मतदान सामग्री वितरण के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा मतदान दलों की रवानगी एवं वाहन व्यवस्था के लिए डीएवी कॉन्वेंट स्कूल के मुख्य भवन के पीछे स्थित खेल मैदान निर्धारित किया गया था।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम एवं अन्य चुनाव सामग्री संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर निर्धारित संग्रहण केंद्रों में जमा करवाई जाएगी। इसके लिए पंचायत समितिवार संग्रहण केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नोहर में गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय, पल्लू में राजकीय महाविद्यालय, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) के लिए पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पीलीबंगा में तहसील कार्यालय, संगरिया में किसान शहीद स्मारक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिब्बी एवं रावतसर में राजकीय महाविद्यालय तथा हनुमानगढ़ टाउन के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, जंक्शन को संग्रहण केंद्र बनाया गया है।

इतने को जिम्मा

चौथे चरण में संगरिया, टिब्बी, रावतसर एवं हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इस चरण के लिए कुल 2,674 मतदान कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। इनमें संगरिया के 662, टिब्बी के 781, रावतसर के 562 तथा हनुमानगढ़ टाउन के 669 मतदान कार्मिक शामिल हैं। चौथे चरण के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 13 नवंबर को केंद्रीय विद्यालय, हनुमानगढ़ के खेल मैदान में आयोजित होगा। इसी दिन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा तथा डीएवी कॉन्वेंट स्कूल के खेल मैदान से मतदान दलों की रवानगी होगी।

तीसरे चरण में इतने उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

पंचायत चुनावों में इस बार जिला परिषद के 37 सदस्यों के लिए 118 अभ्यर्थी मैदान में डटे हुए हैं। तीसरे चरण में होने जा रहे चुनाव में भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए 410 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को ईवीएम से मतदान होगा। इसे लेकर हनुमानगढ़ जिले को 1,538 कंट्रोल यूनिट व 3,318 बैलेट यूनिट आवंटित किए गए हैं। तीसरे चरण में सरपंच और पंच पदों के लिए 5 नवंबर को बैलेट पेपर से मतदान करवाया जाएगा।

तुरंत जमा होगी चुनाव सामग्री

तीसरे चरण में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन से संबंधित ईवीएम एवं चुनाव सामग्री मतदान समाप्ति के तुरंत बाद 3 नवंबर को संबंधित संग्रहण केंद्रों पर जमा करवाई जाएगी। वहीं चौथे चरण की चुनाव सामग्री 14 नवंबर को जमा होगी। पंच, सरपंच एवं उपसरपंच के चुनाव से संबंधित सामग्री उपसरपंच के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद 6 नवंबर एवं 17 नवंबर को जमा करवाई जाएगी। इस संबंध में मतदान सामग्री के सुरक्षित संग्रहण तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

हरियाणा सीमा पर लगाए 10 नाके

चुनाव के दौरान अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए हरियाणा सीमा पर 10 सशस्त्र स्थायी नाके स्थापित किए गए हैं। ये नाके 2 से 5 नवंबर तक लगातार 24 घंटे संचालित रहेंगे। नाकों से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जाएगी तथा आवश्यक रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नोहर, भादरा, राजपुरा (8 बीएचडी), हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा एवं पल्लू क्षेत्रों में संबंधित पुलिस थानों के स्तर पर रिजर्व जाब्ता भी तैनात रहेगा।

फ्लैग मार्च निकालकर दिया मतदान का संदेश

चुनाव के दृष्टिगत डबलीराठान गांव में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान आमजन को भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च में एसपी बी. आदित्य, सीओ सिटी मीनाक्षी एवं एसडीएम हनुमानगढ़ श्याम सुंदर आदि शामिल रहे। फ्लैग मार्च गांव के मुख्य बाजार, कस्बे के प्रमुख मार्गों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से होकर निकाला गया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन को चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा भय में आए बिना मतदान करने का संदेश दिया। सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल, चौकी इंचार्ज डबली रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।

तीसरे चरण के चुनाव में 3,390 पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। 38 एरिया मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। तीसरे चरण में छह पंचायत समितियों के 753 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का विशेष पहरा रहेगा। इसके अलावा 205 ग्राम पंचायत मुख्यालयों और 70 अति संवेदनशील मतदान लोकेशन पर भी अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।