हनुमानगढ़

Hanumangarh Accident : हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: तीन महिलाओं की मौत, शोक सभा से लौट रहे थे गांव

हनुमानगढ़ जिले के नोहर कस्बे में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।
2 min read
Hanumangarh road accident
हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो पत्रिका

हनुमानगढ़। जिले के नोहर कस्बे में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा भद्रकाली बाइपास पर उस समय हुआ, जब एक एसयूवी और क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, क्रूजर गाड़ी में सवार लोग हरियाणा के बरढाना गांव से शोक संवेदना व्यक्त कर अपने गांव बुधवालिया लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एसयूवी कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में क्रूजर सवार तीन महिलाओं की जान चली गई। मृतकों की पहचान राजबाला (40) पत्नी लक्ष्मणराम, रोशनी (48) पत्नी सागर मल और कलावती (40) पत्नी राजेंद्र के रूप में हुई है। इनमें से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल लोग दर्द से कराहते रहे और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल

घटना में दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय नोहर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आधा दर्जन से अधिक गंभीर घायलों को हनुमानगढ़ रेफर किया गया। हादसे में चार छोटे बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी उम्र 3 से 6 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

हरकत आया पुलिस प्रशासन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा, एसडीएम राहुल श्रीवास्तव और विधायक अमित चाचाण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

अस्पताल में भी घायलों के इलाज के लिए स्टाफ मुस्तैद रहा। बताया गया कि जिस रास्ते पर दुर्घटना हुई, वह रास्ता खाली रहता है। मार्ग पर ज्यादा यातायात नहीं है। इसके बावजूद दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। तीनों महिलाएं क्रूजर में सवार थी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

Updated on:
30 Mar 2026 09:18 pm
Published on:
30 Mar 2026 09:18 pm