
Hanumangarh : हनुमानगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी के साथ पुलिस टीम व जब्त अवैध अंग्रेजी शराब। फोटो पत्रिका
Hanumangarh : हनुमानगढ़ के भादरा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार रात एक करोड़ रुपए कीमत की 530 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर दो आदतन तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपी फोम के गद्दों की आड़ में चंडीगढ़ निर्मित शराब ट्रक के जरिए गुजरात सप्लाई करने जा रहे थे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं और कुछ माह पहले ही वे जमानत पर बाहर आए थे।
हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि भादरा थानाधिकारी राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम कस्बे में गश्त कर रही थी। इस दौरान गोगामेड़ी थाने के एसआई प्रवीण कुमार व एजीटीएफ हनुमानगढ़ के कांस्टेबल सुरेंद्र खीचड़ ने संदिग्ध ट्रक में अवैध शराब होने की सूचना देते हुए बताया कि वाहन भादरा शहर की तरफ ही आ रहा है। इस पर भादरा पुलिस ने कैनाल कॉलोनी के पास ट्रक नंबर आरजे 49 जीए 3114 को रुकवा कर तलाशी ली। ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां मिली। इनमें 25,440 पव्वे रॉयल चैलेंज व ऑल सेशन के बरामद हुए।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी दलीप उर्फ दीपक (33 वर्ष) पुत्र रणजीत धाणक निवासी खेत खुद रोही नेठराना, थाना गोगामेड़ी तथा विक्रम नायक (25 वर्ष) पुत्र कालूराम नायक निवासी शिव कॉलोनी, नेठराना को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार दलीप के खिलाफ गुजरात के कटवारा थाने में शराब तस्करी का मामला दर्ज है। जबकि विक्रम के खिलाफ पाली जिले के रोहट थाने में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। दोनों कुछ माह पहले ही जमानत पर बाहर आए थे। वे करीब 2 साल से शराब तस्करी के धंधे में लिप्त थे।
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि पंजाब में शराब का लदान और गुजरात में शराब की डिलीवरी लेने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि नेटवर्क को तोड़ा जा सके। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक के मालिक को भी राउंडअप कर लिया गया है। अवैध व अंतरराज्यीय शराब तस्करी की प्रभावी रोकथाम के लिए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई करने वालों में एसआई सुमेर सिंह, एसआई जगदीश प्रसाद, एसआई राजेंद्र प्रसाद, कांस्टेबल राकेश तथा जिला साइबर सेल हनुमानगढ़ की टीम शामिल रही। विशेष भूमिका एसआई प्रवीण कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र खीचड़ व कांस्टेबल अरविंद सिहाग तथा एजीटीएफ हनुमानगढ़ की रही।
Updated on:
20 Aug 2026 05:35 pm
Published on:
20 Aug 2026 05:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
