हनुमानगढ़

Hanumangarh News :चोरी का अनोखा मामला: नकदी-जेवरात चुराए, फिर मकान मालिक के ही कपड़े-जूते पहनकर भागा चोर

Hanumangarh Theft case : हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों में लाखों रुपए की नकदी, जेवरात तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। एक वारदात में रोचक बात यह रही कि अज्ञात चोर ने पहले तो नकदी-जेवरात वगैरह चुराए।

2 min read
Hanumangarh Theft case
Hanumangarh Theft case। photo AI

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों में लाखों रुपए की नकदी, जेवरात तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। एक वारदात में रोचक बात यह रही कि अज्ञात चोर ने पहले तो नकदी-जेवरात वगैरह चुराए। फिर मकान मालिक के कपड़े-जूते पहनकर फरार हो गया। जबकि खुद के कपड़े, चप्पल आदि मौके पर ही छोड़ गया। दोनों मामलों में टाउन थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली वारदात करणीनगर कॉलोनी स्थित मकान संख्या 10 में हुई। वार्ड सात चंदूरवाली निवासी एवं वर्तमान में शिलापीर रोड स्थित करणीनगर में रहने वाले नितिन कुमार अरोड़ा ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि वह छह जून को घर पर ताला लगाकर बाहर गया था। नौ जून को लौटने पर घर के अंदर लगे सभी ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर एक जोड़ी सोने के टोप्स तथा करीब दो लाख रुपए नकद गायब मिले। छह से नौ जून के बीच अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

दूसरी घटना पंजाबी मोहल्ला क्षेत्र की है। वार्ड 20 निवासी राकेश कुमार नाई ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि वह तीन जून को परिवार सहित घर पर ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति मुख्य दरवाजे के ऊपर से घर में घुस गया और अलमारी खंगालकर सोने का मंगलसूत्र, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, एक बिछिया, बच्चों के दो गुल्लक, चार टोंटियां तथा गुल्लक में रखी नकदी चोरी कर ले गया।

कपड़े-जूते पहनकर चोर फरार

चोर घर में रखी पेंट-शर्ट और जूते पहनकर फरार हो गया तथा अपनी चप्पल, कपड़े और साफा मौके पर ही छोड़ गया। चोरी का खुलासा अगले दिन तब हुआ जब पड़ोसी पौधों में पानी देने पहुंचा। दोनों मामलों की जांच एएसआई कैलाशचंद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हनुमानगढ़ टाउन पुलिस का कहना है कि चोरों के सुराग जुटाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। जल्द ही दोनों चोरियों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही इन चोरियों से स्थानीय निवासियों में भी काफी रोष व्याप्त है और वे पुलिस से गश्त बढ़ाने की लगातार मांग कर रहे हैं।

Updated on:
10 Jun 2026 05:27 pm
Published on:
10 Jun 2026 05:25 pm