
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो पत्रिका नेटवर्क
जयपुर। जयपुर शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। प्रताप नगर और बजाज नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि दोनों थानों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 45 चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं । इस दौरान 5 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी (बालक) को निरुद्ध किया गया है ।
प्रताप नगर थाना थानाप्रभारी पूरणमल यादव ने बताया कि इलाके में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई। पुलिस टीम ने सादा वस्त्रों में निगरानी रखी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने रणजीत भील (23) निवासी कोटा और विवेक कुमार उर्फ लाला मीणा (22) निवासी करौली को गिरफ्तार किया। इनके साथ ही एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 25 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं ।
हेडकांस्टेबल दशरथ ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने महंगे शौक पूरे करने और मौज-मस्ती के लिए वाहन चोरी करते थे। वे पहले रेकी कर जगह चिन्हित करते थे और फिर ऑन डिमांड बाइक चुराकर अन्य जिलों में मात्र 5-5 हजार रुपए में बेच देते थे ।
दूसरी बड़ी कार्रवाई बजाज नगर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) द्वारा की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इंदिरा नगर मोड़ पर सघन नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध किरोड़ी मीणा (43), रामसिंह मीणा (37) और रामकेश मीणा (25) (तीनों निवासी रैणी, अलवर) को रोका।
जब उनसे बाइक के कागजात मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। पुलिस ने जब राजकॉप एप पर इंजन और चेसिस नंबर चेक किया, तो वह बाइक बजाज नगर थाने के ही एक पुराने मुकदमे की चोरी की निकली। पुलिस ने तीनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी के 19 अन्य वाहन (कुल 20 वाहन) बरामद किए ।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे शराब के नशे के आदी हैं। अपने नशे के शौक को पूरा करने के लिए वे मोटरसाइकिल चुराते थे और उनके पार्ट्स को औने-पौने दामों में बेच देते थे। आरोपियों ने जयपुर के बजाज नगर, शिप्रापथ, मानसरोवर, महेश नगर, शिवदासपुरा, गलता गेट, करधनी के अलावा अजमेर (मदनगंज) सहित राजस्थान के कई जिलों से 5 दर्जन (60) से अधिक वाहन चुराना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, बजाज नगर पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने में प्रताप नगर थानाधिकारी पूरणमल यादव, बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल और जिला विशेष टीम (DST) के बन्ना लाल (SI) सहित उनकी टीमों (हेड कांस्टेबल दशरथ सिंह, दयाराम, धर्मसिंह, तुलसीराम, रणवीर सिंह व अन्य कांस्टेबलों) की विशेष और सराहनीय भूमिका रही ।
Updated on:
10 Jun 2026 05:29 pm
Published on:
10 Jun 2026 03:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
