हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ में कांग्रेस की एकतरफा जीत, 37 में से 30 वोट पाकर रेणु जांगू बनीं जिला प्रमुख; BJP को मिले सिर्फ 7 मत

हनुमानगढ़ जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की रेणु जांगू ने एकतरफा जीत हासिल की है। उन्हें कुल 37 में से 30 वोट मिले, जबकि भाजपा की सरस्वती गोदारा को सिर्फ 7 वोट ही मिले। 23 वोटों के बड़े अंतर से मिली इस जीत के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 6:06 PM IST
hanumangarh jila pramukh
कांग्रेस की रेणु जांगू (Photo-Patrika)

हनुमानगढ़। जिला परिषद के नए प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की रेणु जांगू ने एकतरफा जीत दर्ज की है। बुधवार को जिला परिषद के मीटिंग सभागार में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चली वोटिंग के बाद हुई मतगणना में रेणु जांगू को 30 वोट मिले। वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सरस्वती गोदारा को सिर्फ 7 वोट ही मिले। इस तरह कांग्रेस ने 23 वोटों के बड़े अंतर से जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है।

गौरतलब है कि 37 सदस्यों वाली इस जिला परिषद में कांग्रेस के पास अपने 26 सदस्य थे, लेकिन वोटिंग में पार्टी को 4 अतिरिक्त वोट (संभवतः माकपा के) भी मिले, जिससे उसकी जीत और बड़ी हो गई।

37 में से 26 सीटें जीतकर भी कांग्रेस में रही खींचतान

इस बार हनुमानगढ़ जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से कांग्रेस ने 26 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद पार्टी को जिला प्रमुख का चेहरा तय करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मतगणना के बाद पिछले चार दिनों से विधायकों की निगरानी में रह रहे कांग्रेस के सभी 26 जिला परिषद सदस्यों को मंगलवार दोपहर बाद बाड़ेबंदी के तहत बीकानेर ले जाया गया था। बुधवार को वोटिंग के समय सभी सदस्य एक साथ हनुमानगढ़ जिला परिषद कार्यालय पहुंचे।

इससे पहले जिला प्रमुख के नाम पर सहमति बनाने के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक एमडी चोपदार और सह पर्यवेक्षक सुनील लारा ने स्थानीय विधायकों, नेताओं और सभी 26 सदस्यों से वन-टू-वन फीडबैक लिया। देर शाम तक एक नाम पर सहमति नहीं बन पाने के कारण प्रत्याशी का नाम प्रदेश स्तर से तय किया गया। इस दौरान संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक सहित कई प्रमुख कांग्रेस नेता सक्रिय रहे।

हनुमानगढ़ जिला प्रमुखों की सूची (1995 - 2026)

क्र.सं.जिला प्रमुख का नामकार्यकालराजनीतिक दल/विशेष विवरण
1.श्री डूंगरराम पंवार1995 – 2000हनुमानगढ़ जिले के पहले जिला प्रमुख
2.श्रीमती दमयंती बेनीवाल2000 – 2005जिले की दूसरी जिला प्रमुख
3.श्री राजेंद्र मक्कासर2005 – 2010तीसरे जिला प्रमुख
4.श्रीमती शोभा सिंह डूडी2010 – 2015चौथी जिला प्रमुख
5.श्री कृष्ण कुमार चोटिया2015 – 2020पांचवें जिला प्रमुख
6.श्रीमती कविता मेघवाल2020 – 2025छठी जिला प्रमुख
7.श्रीमती रेणु जांगू25 नवंबर 2026 से (वर्तमान)आज हुए चुनाव में निर्वाचित सातवीं जिला प्रमुख