
Hanumangarh News: पिछले साल हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत 22 एनटीआर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासन से शादी कराने की गुहार लगाकर चर्चा में आए श्रवण पुत्र बलराम सुथार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन पर एक विवाहित महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। पिछले साल शिविर में दिए प्रार्थना पत्र में श्रवण ने बताया था कि उसकी उम्र 33 साल से अधिक हो चुकी है। वह मजदूरी करता है और बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए उसका विवाह कराया जाए।
विवाहिता मनीषा के पीहर पक्ष ने पीलीबंगा थाने में परिवाद देकर आरोप लगाया है कि चक झुर्रियावाला निवासी पालानाथ की बेटी मनीषा (35) अपनी शादी के करीब 15 साल बाद भी परिवार के साथ रह रही थी। उसके चार बेटियां हैं। परिवाद के अनुसार वह कुछ दिन पहले अपने तीन बच्चों के साथ मायके आई थी। 29 जून की सुबह वह बच्चों को घर पर छोड़कर अचानक चली गई। परिजनों का आरोप है कि जाते समय वह 20 हजार रुपए नकद, दो सोने की अंगूठियां, डेढ़ तोला सोने की कंठी, बालियां और अन्य आभूषण भी साथ ले गई।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 22 एनटीआर निवासी श्रवण सुथार उसे अपने साथ ले गया। परिजनों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि पुलिस ने महिला को बरामद किया था, जहां उसने अपनी इच्छा से श्रवण के साथ जाने की बात कही। इसके बाद दोनों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर शुक्रवार को हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत 22 एनटीआर में ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें श्रवण और मनीषा दोनों के आचरण की निंदा की गई। ग्रामीणों ने कहा कि महिला तीन माह की दूधमुंही बच्ची सहित 4 बेटियों को छोड़कर चली गई जिससे परिजनों में रोष है। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाया कि श्रवण वीबीजी रामजी योजना में मेट था और अनियमितताओं के आरोपों के बावजूद दोबारा काम पर लगाया जाता रहा। ग्रामीणों के अनुसार नरेगा कार्य के दौरान ही श्रवण और मनीषा की पहचान हुई थी। जिसके बाद उनकी दोस्ती बढ़ी। मनीषा का पति दिहाड़ी मजदूर है।