हनुमानगढ़

रात एक बजे घर से गायब हो गई नाबालिग लड़की, बहला-फुसलाकर युवक ने कर डाला दुष्कर्म

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2018, 5:36 PM IST
Hanumangarh
Hanumangarh

हनुमानगढ़। संगरिया थाना इलाके में दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अरुण चौधरी ने बताया कि भगतपुरा निवासी बुजुर्ग ने नाबालिग से दुष्कर्म करने का थाने में मामला दर्ज कराया था।

आरोपी युवक को भेजा जेल

पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया था कि 6 सितंबर की रात करीब एक बजे उसकी पौत्री घर से गायब मिली। बताया कि उसे वार्ड 4 रावला हाल वालीपुली तहसील घड़साना निवासी संदीप उर्फ करतारसिंह (22) बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। इसके बाद से पुलिस अपहर्त लड़की की तलाश में करने में जुटी थी। आखिरकार पुलिस ने गुरुवार को अपहृत नाबालिग लड़की को तलाश निकाला। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग लड़की को कोर्ट में पेश किया। जहां लड़की ने अपने माता-पिता के साथ जाने की इच्छा जताई। कोर्ट ने नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद दुष्कर्म के आरोपी युवक को पोक्सो एक्ट के तहत विशेष न्यायालय ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

इधर, ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में उतरे दुकानदार

ई-फार्मेसी, ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में शुक्रवार से राष्ट्रव्यापी बंद को समर्थन देते हुए दवा विक्रेताओं ने सांगरिया में अपनी दुकाने बंद रखी। इस दौरान काली पट्टी बांधकर मुख्य मार्गों से होते हुए निर्णय के खिलाफ जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां दवा विक्रेता संघ शहरी व ग्रामीण ने एसडीएम को इस आशय का एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों ने आक्रोश जताया कि ऑनलाइन दवा विक्रय से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और दवा व्यवसाय से जुड़े उनके परिवारों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं, आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ होगी । साथ ही युवाओं में नशावृत्ति बढ़ेगी। विक्रेताओं ने सरकारी निर्णय को रद्द करने की मांग की है। दिनभर दवा की दुकानें बंद रहने से आमजन व मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Updated on:
28 Sep 2018, 5:36 PM IST
Published on: