हनुमानगढ़

पुलिस ने गिरफ़्त में लिया इस कुख़्यात गैंग को, ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

राजस्थान की में करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी करने वाली गैंग पुलिस की गिरफ़्त में
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 9:51 PM IST
Feature image

हनुमानगढ़ ।

करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ़्त में लिया है। फाइनेंस कंपनी से झूठे दस्तावेजों के आधार पर ऋण लेने व ट्रैक्टरों की डिलीवरी नहीं देकर आगे बेच करोड़ों की धोखाधड़ी करने के प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपित को जंक्शन पुलिस ने रविवार को गिरफ़्तार कर लिया है।

पुलिस ने फाइनेंस कंपनी से करोड़ों रुपए की चपत लगाने वाले युवक को रविवार को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान सुंदरपाल उर्फ नन्य (40) पुत्र फूल सिंह जाटव निवासी गढ़ मुक्तेश्वर जिला हापुड़ यूपी के रूप में हुई है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


आरोपी ने ऐसे कि करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी

पुलिस उप निरीक्षक चन्द्रभान ने बताया कि एल एंड टी फाइनेंस कंपनी के राकेश कुमार बिश्नोई पुत्र दलीप कुमार बिश्नोई निवासी मोहनमगरिया ने 25 मई 2017 को जंक्शन थाने में मामला दर्ज करवाया था कि कंपनी के पूर्व क्षेत्रीय अधिकारी गुरुप्रीत सिंह व जसप्रीत सिंह ने झूठे दस्तावेज तैयार व हस्ताक्षर कर उनकी फाइनेंस कंपनी से ऋण उठा लिया। इसके बाद आवेदकों को ट्रैक्टरों की डिलीवरी नहीं दी और धोखाधड़ी कर 26 ट्रैक्टर आगे बेच कम्पनी से धोखा किया।

इसी प्रकरण के सात आरोपित पहले से हैं जेल में

इससे पहले प्रकरण में शामिल सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवाया जा चुका है। आठवां आरोपित सुंदरपाल उर्फ नन्य प्रकरण में फरार चल रहा था। उसे सुरेशिया चौकी प्रभारी सुभाष बरोला ने टीम के साथ रविवार को यूपी से लाकर पेश किया। पूछताछ के बाद आरोपित को गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक चन्द्रभान ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य फाइनेंस पर ट्रैक्टर खरीदते और यूपी में बेच देते। यूपी निवासी आरोपित ट्रैक्टर खरीद लेते। सुंदरपाल उर्फ नन्य ट्रैक्टर खरीदने वालों में शामिल था। उसे सोमवार को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मंजूर करवाया जाएगा।

गौरतलब है कि इस प्रकरण में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी व ट्रैक्टरों की बरामदगी के लिए गठित पुलिस दल ने यूपी व गुजरात में कई दिन तक डेरा डाले रखा था। काफी दौड़-धूप के बाद पुलिस अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सुंदरपाल के अलावा अकरम निवासी ढालिया, विक्की निवासी बठिंडा, सचिन व कुलदीप निवासी यूपी आदि शामिल हैं। आरोपितों में एक पंजाब, दो यूपी व पांच हनुमानगढ़ निवासी हैं।

Published on: