
सदर थाना पुलिस ने रविवार को जाल बिछाकर गांव कमाना के पास श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की माने तो पकड़े गए चार आरोपियों से पूछताछ में और भी कई खुलासे हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार इस गिरोह के तार जिला श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व आसपास के कई इलाकों से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार किए गए चार युवकों से छह मोटरसाइकल भी बरामद हुई। इसमें से तीन मोटरसाइकल जंक्शन के मुख्य बाजार से, दो सूरतगढ़ व एक अनूपगढ़ से चोरी की गई। बताया जा रहा है कि यह गिरोह चोरी करने की वारदात के बाद मोटरसाइकल का हुलिया बदलकर पांच से दस हजार रुपए में बेचते थे। यह कार्रवाई डीएसपी विरेंद्र जाखड़ के निर्देशानुसार सदर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में की गई। टीम में कमलजीत सिंह, कृष्ण कुमार, मेजर सिंह, रामनारायण, श्रवण सिंह आदि शामिल थे।
पुलिस ने जसविन्द्र उर्फ जस्सी पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी फतेहपुर, सुरजीत सिंह पुत्र अजमेर सिंह निवासी बहलोलनगर, गुरबचन सिंह पुत्र नानक सिंह निवासी मौलवीबास डबली राठान, गरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। उनसे पुलिस पूछताछ में जुटी है।