हनुमानगढ़

किसान मजदूरों ने प्रदर्शन कर, सौंपा ज्ञापन

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
rajasthan news
किसान मजदूरों ने प्रदर्शन कर, सौंपा ज्ञापन

संगरिया/हनुमानगढ़. खेती बचाओ किसान बचाओ मोर्चा, सीआईटीयू व एफसीआई लेबर यूनियन मजदूरों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। किसानो ने बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई, मॉबलीचिंग की घटनाओं पर भाजपा सरकार की मौन स्वीकृति के खिलाफ न्याय की पालना, श्रम कानूनों को श्रमिक हितकारी बनाने, न्यूनतम मजदूरी 24 हजार रुपए प्रतिमाह करने, किसानों को स्वामीनाथन कमेटी के अनुरुप लाभकारी मूल्य देने, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में प्रीमियम के नाम पर किसान की लूट बंद करने की मांग उठाई और इन्ही मांगो को लेकर ज्ञापन सौपा।

इससे पहले उन्होंने सोमवार को प्रदर्शन करते हुए बाजार बंद करवाया। इस दौरान मुख्य बाजार से जुलूस निकालते हुए किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे जहां पहुंच कर उन्होंने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया। किसी अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में मोर्चा संयोजक ओम जांगू, मजदूर यूनियन अध्यक्ष राजेश माहोर,पूर्व अध्यक्ष मदनलाल, रोशन, बंतराज, सुभाष सिंवल, पार्षद जगदीश व अनिल भोबिया, मीरा कॉलेज सचिव शिवकुमार बारूपाल आदि मौजूद थे।

सीएम यात्रा का विरोध करने पुलिस ने कांग्रेस जनों को लिया हिरासत में

वहीं मुख्यमंत्री यात्रा का विरोध कर रहे कांग्रेस जनों को पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया। ब्लॉक अध्यक्ष जसविंद्रसिंह वांदर व नगर अध्यक्ष राजेश डोडा की अगुवाई में कार्यकर्ता एकत्रित होकर जनसभा स्थल की ओर बढऩे लगे तो पुलिस ने उन्हें सादुलशहर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास रोक लिया। वे श्रीगंगानगर में किसानों पर लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने, किसानों के कर्ज माफ करने, फसल बीमा की लूट बंद करने सहित संगरिया विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के उपरांत संगरिया में मुख्यमंत्री के आने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री वापस जाओ के नारे लगाते हुए आगे बढऩे का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार किसान व आमजन की आवाज को लाठी और गोली के दम पर दबाना चाहती है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार मीरा कॉलेज को सरकारी किया लेकिन इस सरकार ने पुन: निजी हाथों में सौंप दिया। इसी तरह से इलाके में अनेक समस्याएं व्याप्त हैं जिनका मुख्यमंत्री को पहले समाधान करना चाहिए। विरोध करने वालों में डीसीसी महासचिव हंसराज वर्मा, सूरजभान भोबिया, सचिव गुरसाहब दंदीवाल, सेवा दल के विनोद नांवरिया , सुनील बिश्नोई, सुखजीत सिंह, केवल, जगजीत,कुलदीप भाकर, पवन ग्रोवर, प्रेम नागपाल, राजकुमार, सुनील बुडानिया ,राहुल गर्ग,जय भादू, अशोक गुर्जर, सुभाष छिंपा सहित कई कांग्रेसजन थे। थाना प्रभारी अरुण चौधरी, आसूचना अधिकारी संजय व अन्य पुलिस कर्मियों ने तत्परता से उन्हें मौके से ही धर लिया।

Published on:
10 Sept 2018 01:25 pm