Groom died before marriage: उसकी बहन को हनुमानगढ़ टाउन राजकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
Hanumangarh: खबर राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से है। बेहद ही दुखद हादसे में होने वाले दूल्हे ने दम तोड़ दिया। वह अपनी बहन को लेकर शादी की खरीदारी के लिए बाजार गया था और वापस लौट रहा था। हादसे में बहन भी घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत युवक 32एसएसडब्ल्यू गांव का रहने वाला था। यह हादसा कल देर शाम फतेहगढ़ जाने वाली सड़क पर पुरुषोत्तमवाला बास इलाके में हुआ।
पुलिस ने बताया कि बजरंग की जान चली गई। बजरंग, उसके भाई और बहन की शादी 12 दिसम्बर को होनी थी। शादी की खरीदारी के लिए ही भाई और बहन बाजार गए थे और वापस लौट रहे थे। लेकिन अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर ही बजरंग ने दम तोड़ दिया। उसकी बहन को हनुमानगढ़ टाउन राजकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि बजरंग के पिता मजदूर हैं और खेतों में मजदूरी करते हैं। बजरंग और उसका भाई भी यही काम करते हैं। परिवार की आर्थिक हालात ज्यादा सही नहीं हैं। बारह दिसम्बर को एक साथ दो भाई और बहन की शादी होनी थी। लेकिन अब शादी वाले घर में मातम छा गया है। उधर दुल्हन पक्ष में भी कोहराम मचा हुआ है। होने वाले दूल्हे की मौत के बारे में जानकार दुल्हन सदमे मे है।