हनुमानगढ़

राजस्थान: कोई था इकलौता बेटा, तो किसी की 6 महीने पहले ही हुई थी शादी; एक साथ तीन अर्थियां उठने पर गांव में पसरा मातम

Rajasthan Road Accident: राजस्थान के पल्लू में मां ब्रह्माणी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे चार युवकों को पिकअप जीप ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
3 min read
Three Youths Killed in Accident
मृतक अशोक, मोहित और अजय

हनुमानगढ़. पल्लू कस्बे में प्रथम शारदीय नवरात्र को मां ब्रह्माणी के मंदिर में धोक लगाने पैदल आ रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार से आई एक पिकअप जीप ने टक्कर मार दी, जिससे तीन श्रद्धालु युवकों की मौके पर ही मौत हो गई व एक गंभीर घायल हो गया। थाना प्रभारी जगदीश ने बताया कि रावतसर तहसील के किकरालिया गांव से मां ब्रह्माणी के दर्शन करने युवाओं का जत्था रविवार को अलसुबह पैदल रवाना हुआ था। जब जत्था पल्लू-नोहर मेगा हाईवे पर पल्लू से लगभग 16 किलोमीटर दूरी पर झेदासर गांव व माहेला गांव के मध्य पहुंचा तो नोहर की तरफ से तेज रफ्तार से आई एक पिकअप जीप ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी, जिससे तीन युवक अशोक पुत्र राजू उम्र 21 वर्ष, अजय पुत्र हंसराज उम्र 27 वर्ष, मोहित पुत्र कुलदीप उम्र 22 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई व एक युवक रुपेश पुत्र दयाराम उम्र 25 वर्ष गंभीर घायल हो गया। सभी मृतक युवक एक ही परिवार के चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।

पिकअप चालक फरार

जानकारी के अनुसार पीछे से आ रहे पिकअप गाड़ी के चालक विनोद गोस्वामी ने जब मेगा हाईवे पर युवकों को लहूलुहान पड़े देखा तो अपनी गाड़ी रोककर उनके पास गया। उनको देखने के बाद उन्होंने पल्लू पुलिस थाने व 108 एम्बुलेंस चालक को सूचना देकर टक्कर मारकर भागने वाले वाहन का पीछा किया। उन्होंने अपनी गाड़ी लगाकर पिकअप लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर जीप को रुकवाया लेकिन इस दौरान पिकअप चालक अपनी गाड़ी रोककर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना पर कांस्टेबल सरजीत कुमार मौके पर पहुंचे व चारों युवकों को कार चालक की सहायता से एम्बुलेंस 108 से स्थानीय सीएचसी सेंटर लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया व एक को पीबीएम हॉस्पिटल बीकानेर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी जगदीश कुमार सीएचसी सेंटर पहुंचे और जानकारी लेकर युवकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी।

पल्लू में पुलिस द्वारा जब्त पिकअप गाड़ी

सूचना के बाद युवकों के परिजन स्थानीय सीएचसी सेंटर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की निगरानी में मृतक तीनों युवकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

मृतक मोहित इकलौता बेटा था तो अजय की छह माह पहले हुई थी शादी

युवकों के परिजनों ने बताया कि मृतक मोहित अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था और उसकी सगाई की हुई थी। दूसरे मृतक अजय की छह माह पहले ही शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार तीसरे मृतक अशोक कुमार के पिता का लगभग एक साल पहले निधन हुआ था और अब उनके बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मृतकों में दो चाचा-ताऊ के लडके थे व एक परिवार में चाचा था। किकरालिया गांव लोग जहां शनिवार शाम को अगले दिन प्रथम नवरात्र की सुबह माता राणी का उपवास रखकर मन्नत मांगने व नई सुबह नए अरमान का सपना लेकर सोए थे वहीं जब रविवार को प्रथम नवरात्र की सुबह आई तो दिल दहला देने वाली खबर लेकर आई। जिससे पूरे गांव का माहौल मातम में बदल गया। मृतकों के परिजनों ने बताया कि चारों युवक रविवार की अलसुबह दो बजे घर से हंसी-खुशी माता राणी के पैदल चलकर धोक लगाने निकले थे, परन्तु बीच रास्ते में ही पिकअप चालक तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी को भगाकर लाया और उनको बुरी तरफ से कुचलते हुए निकल गया। जिससे तीन युवक अकाल मौत का ग्रास बन गए। तीन युवकों की दर्दनाक मौत से धर्मनगरी में भी प्रथम नवरात्र को गम का माहौल रहा।

Updated on:
12 Oct 2026 12:40 pm
Published on:
12 Oct 2026 12:39 pm
Also Read
View All
हनुमानगढ़ में बड़ा हादसा: दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के 3 युवकों को पिकअप ने कुचला, तीनों की मौके पर ही मौत

हनुमानगढ़ MLA गणेशराज बंसल पर एक और केस दर्ज, लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर से धमकी दिलाने का आरोप

हनुमानगढ़: 3 साल बाद जब सामने आया बेटा तो छलके मां के आंसू, 2500 किमी का सफर तय कर सेवादारों ने कराया मिलन

हनुमानगढ़: अस्पताल के बाहर प्रसूता ने दिया बच्चे को जन्म, आक्रोशित लोगों ने चिकित्सा स्टॉफ भर्ती करने की उठाई मांग

Hanumangarh : राजस्थान के करीब 12 जिलों में जल संकट रहने की संभावना, कृषि विभाग ने बनाया खेती का नया प्लान