
हनुमानगढ़. हनुमानगढ़ के रोड़ावाली रोड पर शनिवार को एक स्लीपर बस और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का केबिन बुरी तरह पिचक गया और ड्राइवर का शव उसी में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी और आखिरकार ट्रैक्टर की मदद से केबिन को खिंचवाकर शव बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाने से सब-इंस्पेक्टर गजेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले सामान्य तरीके से शव को निकालने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की वजह से शव अंदर फंसा हुआ था। इसके बाद मौके पर ट्रैक्टर मंगवाया गया। ट्रैक्टर के जरिए पिकअप के मुड़े हुए हिस्से को खींचकर अलग किया गया, तब जाकर शव को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला है। इसके अलावा उसके पास कोई कागजात या आईडी कार्ड नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अब पिकअप के नंबर के आधार पर उसके मालिक और मृतक के परिजनों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही टूटे हुए मोबाइल की मदद से भी सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सादुलशहर से हनुमानगढ़ की तरफ आ रही उत्तराखंड नंबर की स्लीपर बस (UK 07 PA 6796) और चूरू नंबर की पिकअप (RJ 10 GB 9952) के बीच हुआ। हादसे के समय रोड पर कुछ देर के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही। फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक जीरा सप्लाई करने के लिए जा रहा था, लेकिन वहीं बीच रास्ते में हादसे की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्लीपर बस का ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ही मौके से भाग निकले। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश भी कर रही है।