हनुमानगढ़. आखिरकार राज्य सरकार ने टिब्बी को नगर पालिका बनाने तथा पल्लू को उप तहसील से तहसील बनाए जाने की बरसों पुरानी मांग पूरी कर दी है। राज्य बजट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को जिले की टिब्बी तहसील तथा पल्लू उप तहसील के लोगों को यह सौगात दी।
ग्राम पंचायत से नगर पालिका बनी टिब्बी, पल्लू को बनाया उप तहसील से तहसील
- तेजी से चलेगा कस्बे के विकास का पहिया
- बजट में मुख्यमंत्री ने की घोषणा
- टिब्बी कस्बे में खुशी का माहौल
हनुमानगढ़. आखिरकार राज्य सरकार ने टिब्बी को नगर पालिका बनाने तथा पल्लू को उप तहसील से तहसील बनाए जाने की बरसों पुरानी मांग पूरी कर दी है। राज्य बजट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को जिले की टिब्बी तहसील तथा पल्लू उप तहसील के लोगों को यह सौगात दी। इससे इलाके में खुशी का माहौल है। नगर पालिका बनने के बाद टिब्बी कस्बे में विकास का पहिया ज्यादा तेजी से घूमेगा। कस्बानुमा यह गांव जल्दी ही शहर की शक्ल अख्तियार कर लेगा। टिब्बी वर्तमान में ग्राम पंचायत है। उपखंड मुख्यालय होने के बावजूद अब तक नगर पालिका मंजूर नहीं होने से लोगों में निराशा थी। टिब्बी को नगर पालिका बनाने की मांग लम्बे समय से की जा रही थी। कांग्रेस नेता शबनम गोदारा ने बताया कि टिब्बी के नगर पालिका बनने से यहां लोगों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। क्षेत्र की इस प्रमुख मांग को निरंतर मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह टिब्बी कस्बे के लिए बड़ी सौगात है। निश्चित तौर पर क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
उधर, पल्लू को उप तहसील से तहसील बनाने की घोषणा के बाद कस्बे में लोगों ने खुशियां मनाई। मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। जिले के आखिरी छोर पर स्थित पल्लू कस्बे को तहसील बनाने से वहां के लोगों को अब कई तरह के सरकारी कामकाज के लिए रावतसर नहीं आना पड़ेगा। इससे उनका समय और पैसा बचेगा। मेगा हाइवे स्थित पल्लू कस्बे का बड़ा महत्व है। यहां माता ब्रह्माणी का प्रसिद्ध मंदिर है। इसके अलावा जिले का एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय भी यहीं स्थित है।