हनुमानगढ़

Rajasthan : माघ में बरसा मेह, किसानों के खिले चेहरे

Rajasthan Weather : हनुमानगढ़ जिले में रविवार सुबह कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इससे रबी फसलों को जीवनदान मिला है। सबसे अधिक गोलूवाला में 21 एमएम बारिश की सूचना है।
2 min read
fasal_1.jpg

Rajasthan Weather : हनुमानगढ़ जिले में रविवार सुबह कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इससे रबी फसलों को जीवनदान मिला है। सबसे अधिक गोलूवाला में 21 एमएम बारिश की सूचना है। इसी तरह हनुमानगढ़ तहसील में 10, डबलीराठान 02, पीलीबंगा 03, संगरिया 07, ढाबा 03, टिब्बी 05, रावतसर, पल्लू, नोहर में 02-02 एमएम बारिश हुई। इसी तरह भादरा में चार एमएम बारिश होने से रबी फसलों को फायदा होगा।

बरसात होने से सरसों व गेहूं सहित अन्य रबी फसलों में सिंचाई पानी की कमी दूर होगी। बारिश के बाद हालांकि दिन में ज्यादा तेज धूप नहीं खिलने की वजह से सर्दी का असर तेज रहा। सर्दी से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मावठ के सक्रिय होने से वातावरण में जहां ठंडक बढ़ गई है, वहीं यह वर्षा फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। देर शाम को बादल सक्रिय नजर आए। इससे आगे भी बारिश के आसार हैं।


मावठ से किसानों के खिले चेहरे
डबलीराठान उपतहसील मुख्यालय सहित आसपास के गांवों में शनिवार आधी रात बाद से शुरु हुई बरसात कभी तेज तो कभी धीमी मध्यम गति के सिलसिले के बाद बूंदाबांदी का दौर रविवार प्रात:काल चार बजे बाद तक चला। किसानों को लम्बे समय से मावठ का इंतजार था, जो शनिवार एवं रविवार रात को पूरा हुआ। गांव चकजहाना के किसान गुरमेल सिंह, नुरपुरा के हर फूल भांभू आदि ने बताया कि क्षेत्र में दो अंगुल हुई बरसात गेहूं फसल के लिए लाभदायक है। उपतहसील मुख्यालय स्थित बरसात मापी यंत्र के अनुसार दो एमएम बरसात हुई है। बरसात के कारण मुख्य मार्गो पर कीचड़ पसर जाने से आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी। प्रवेश मार्ग, अनाज मंडी के समक्ष, अंबेडकर चौक, सीएचसी समक्ष एवं मुख्य बाजार राजीव चौक पर भी बुरी गत बनी हुई थी।

फसलों को मिला फायदा
किसानों को पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से गेंहू व सरसों की फसलों को नुकसान होने की चिंता सता रहा थी मगर रविवार सुबह करीब पौने दो बजे हुई हल्की मावठ से फसलें लहलहा उठी। किसान मुखराम गोदारा, ओमप्रकाश शर्मा आदि ने बताया कि करीब दो-दो अंगुल हुई बरसात से फसलों को काफी फायदा मिलेगा। हल्की बरसात के बाद दिनभर बादलवाही रहने व हल्की हवा चलने से सर्दी का असर बढ़ गया।

Published on:
05 Feb 2024 11:24 am