UP Sipahi Bharti: यूपी के हापुड़ में एक पिता और बेटा एक साथ पुलिस में भर्ती हो गए। दोनों साथ में लाइब्रेरी में जाते थे और पढ़ाई करते थे। उनकी मेहनत रंग लाई और दोनों का सलेक्शन हो गया।
उदयरामपुर नंगला के यशपाल नागर और उनके बेटे शेखर रविवार को एक साथ लखनऊ के डिफेंस एक्सपो वेन्यू पहुंचे, जहां गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र दिए। पिता पुत्र के साथ उनके परिजन और ग्रामीण भी काफी खुश हैं।
धौलाना तहसील क्षेत्र के ग्राम उदयरामपुर नंगला निवासी यशपाल नागर आर्मी ऑर्डनेंस कोर से वर्ष 2003 में भर्ती हुए थे। वर्ष 2019 में 16 वर्ष तक देश सेवा करने के बाद वो सेवानिवृत हो गए। इसके बाद पिता दिल्ली में आर्मी ऑर्डनेंस कोर में नौकरी कर रहे थे। 2024 की सिपाही भर्ती में उसके पिता और शेखर ने एक साथ परीक्षा दी थी। जिसके बाद दोनों परीक्षा में पास हो गए। पिता ने आर्मी ऑर्डनेंस कोर की नौकरी से रिजाइन दे दिया है।
यशपाल नागर के पुत्र शेखर ने बताया वह अपने पिता यशपाल के साथ एक साथ लाइब्रेरी जाकर पढ़ाई करते थे। दोनों में परीक्षा को लेकर खूब तैयारी की। आखिरकार मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने पर वह पास हो गया। उसके साथ ही उसका पिता ने भी परीक्षा में सफलता हासिल की। वहीं सीडीएस और उत्तर प्रदेश दरोगा की भर्ती की तैयारी कर रहा है। शेखर ने बताया कि मां अनीता गृहणी है। एक बहन पढ़ाई कर रही है और छोटे भाई ने कक्षा 12वीं पास की है।