
रालोद के मंच पर भिड़े राष्ट्रीय और प्रदेश महासचिव | फोटो सोर्स- IANS
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान एक अजीब नजारा देखने को मिला। यहां पार्टी के दो बड़े नेता मंच पर ही आपस में भिड़ गए। मंच पर स्वागत करने की बात को लेकर राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी और प्रदेश महासचिव शिवकुमार त्यागी के बीच तीखी बहस हो गई। इस बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि, मौके पर मौजूद दूसरे बड़े नेताओं ने बीच-बचाव किया और जैसे-तैसे मामले को शांत कराया।
यह पूरी घटना हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित एक बैंक्वेट हॉल की है। यहां रविवार को रालोद के कार्यकर्ताओं की एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी पहुंचे थे। मीटिंग के दौरान जब मंच पर नेताओं का स्वागत किया जा रहा था, तभी किसी बात को लेकर प्रदेश महासचिव शिवकुमार त्यागी और त्रिलोक त्यागी के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों नेताओं के तेवर देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बाद बाकी नेताओं ने दोनों को समझाकर अलग किया और कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया।
विवाद खत्म होने के बाद मुख्य अतिथि त्रिलोक त्यागी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की राजनीति को महलों से निकालकर गांवों की गलियों और गरीब-किसानों तक पहुंचाया था। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी की तारीफ करते हुए कहा कि वे युवाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसी वजह से हापुड़, मेरठ और बुलंदशहर जैसे जिलों में नए और युवा जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा से किसानों और मजदूरों के भले के लिए काम करती आई है। उन्होंने कहा कि यूपी में हमारे 9 विधायक हैं और हम एनडीए सरकार में शामिल हैं। इसके बावजूद हमारे नेता जयंत चौधरी हर मंच पर किसानों, मजदूरों और युवाओं के हक में पूरी मजबूती से आवाज उठाते हैं।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हापुड़ की तीनों सीटों पर एनडीए गठबंधन से जो भी उम्मीदवार खड़ा होगा, उसे हर हाल में जिताने के लिए अभी से मेहनत शुरू कर दें।
इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष तरसपाल मलिक, राष्ट्रीय सचिव प्रबुद्ध कुमार, जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी समेत पार्टी के कई बड़े नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Updated on:
18 May 2026 02:32 pm
Published on:
18 May 2026 02:32 pm
