हरदा

हरदा में करणी सेना की पिटाई का मामला, दिग्विजय सिंह ने शेयर किया घटनाक्रम बयां करता वीडियो

Karni Sena lathicharge Case : करणी सेना प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज मामले में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने घटनाक्रम बताता वीडियो शेयर किया। न्यायिक जांच और कार्रवाई की मांग की।
2 min read
Jul 16, 2025
Karni Sena lathicharge Case
हरदा में करणी सेना पर लाठीचार्ज मामला (Photo Source- Patrika)

Karni Sena lathicharge Case :मध्य प्रदेश के हरदा जिले में करणी सेना द्वारा किए गए प्रदर्शन के बीच पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के मामले ने तूल पकड़ना शुरु कर दिया है। सबसे पहले जान लें कि, ये विवाद एक धोखाधड़ी से शुरू हुआ, जिसे लेकर करणी सेना ने पुलिस पर रिश्वतखोरी कर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। शनिवार को सिटी कोतवाली थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का उपयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया था। उस समय करणी सेना के कई कार्यकर्ता घायल हुए थे। यही नहीं, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर समेत 3 दर्जन से अधिक कार्यकर्ता हिरासत में भी लिए गए थे। हालांकि, बाद में शेरपुर को सशर्त रिहा कर दिया गया था।

अब इस मामले ने राज्य की सियासी हलचल तेज करना शुरु कर दी है। मामले को लेकर एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पुलिसिया कार्रवाई की बानगी बयां करता एक वीडियो शेयर किया, साथ ही घटनाक्रम की कड़ी निंदा भी की। उन्होंने हरदा के कलेक्टर और एसपी को हटाने और लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग की।

छात्रा के गंभीर आरोप

वहीं, एक अन्य वायरल वीडियो में एक छात्रा ने बताया कि, पुलिस ने राजपूत छात्रावास में घुसकर लोगों पर लाठियां बरसाईं, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि, पुलिस ने जाति पूछकर लोगों को निशाना बनाया और छात्रावास में घुसकर उनके साथ मारपीट की है।

दिग्विजय सिंह का छात्रा से सवाल

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शी एक छात्रा के घर पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रा से बातचीत कर उस दिन की आप पीती सुनी, साथ ही कुछ सवाल भी किए। छात्रा ने दिग्विजय सिंह को बताया कि, वहां बड़े-बड़े दादा जी लोग पुलिस अधिकारी से बात कर रहे थे। वो जैसे ही बात करके बाहर गए और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस वाले बहुत बेरहमी से मार रहे थे। एक आदमी को घुटनों और पीठ पर मारते रहे। कई लोगों को अंदर घुसने की जगह नहीं मिली। उनके साथ बहुत मारपीट की गई। पुलिस ने पैरों से कई कमरों के गेट तक तोड़ दिए।

छात्रा के पिता ने बताया बेटी का हाल

वहीं, छात्रा के पिता ने बताया कि मेरी बेटी जोर-जोर से रो रही थी। जो लोग कमरे में थे, उन्होंने कहा कि, अगर आप बाहर निकलोगे तो पुलिस हमारे साथ मारपीट करेगी। मेरी बेटी रोती रही। तब उन्होंने सीटी बजाई फिर करणी सेना के लोग बाहर आ गए। उसके बाद मैं बाहर आया।

Updated on:
16 Jul 2025 01:35 pm
Published on:
16 Jul 2025 01:31 pm