हरदा

प्री मानसून बरसात से वातावरण में ठंडक घुली

शहर के अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पहली बार पानी बरसा

2 min read
Jun 10, 2018
प्री मानसून बरसात से वातावरण में ठंडक घुली

हरदा. जिले में शनिवार दोपहर बाद प्री मानसून गतिविधियां सक्रिय रहीं। लगातार दूसरे दिन सुबह से घने बादल छाए रहे। तेज हवा चलने के बाद बारिश शुरू हो गई। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई। बीते दो महीने से लगातार तेज गर्मी का सामना कर रहे लोगों ने शनिवार शाम राहत मेहसूस की। इस दौरान करीब डेढ़ घंटा बारिश हुई। सिराली, दुलिया सहित आसपास के गांवों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। रहटगांव में दोपहर साढ़े 3 बजे से 5 बजे तक बारिश हुई। इससे लोगों ने गर्मी से राहत मेहसूस की। भादूगांव, टेमागांव व आसापास के गांवों में भी दोपहर बाद बारिश हुई। आलमपुर व बहरागांव सहित अन्य गांवों में आधा घंटा तेज पानी बरसा।

मांदला में तेज बारिश, लोगों ने राहत मेहसूस की
खिरकिया। शनिवार को मांदला मे तेज बारिश हुई। दोपहर बाद मौसम में हुए अचानक बदलाव के बाद बादल छा गए। जिसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम मे ठंडक आ गई। आसपास के गांवों में बारिश की खबर है।

नालियों का गंदा पानी घरों में भराया
बालागांव. क्षेत्र में शनिवार को दोपहर 3 बजे तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे किसानों के चेहरे खिल गए, वहीं लोगों ने तेज गर्मी से राहत मेहसूस की। दूसरी ओर गांव के स्वच्छता अभियान की पोल खुल गई। ग्रामीण घरों से गंदा पानी बाहर निकालते नजर आए। ग्राम पंचायत से महज चार कदम की दूरी पर साफ. सफाई के अभाव में नालियों का बहाव रुक गया। गंदा पानी घरों तक पहुंच गया। ज्ञात हो कि ग्रामीण सुभाष वर्मा के घर से दीनदयाल गौर के घर तक लाखों की लागत से विगत माह ही सड़क का निर्माण किया गया था। तभी ग्रामीणों ने बारिश के पानी की निकासी देने की बात कही थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ा।

शासकीय आवासों की छत से टपका पानी
टिमरनी। पहली बारिश में शासकीय कार्यालयों और आवासों की पोल खुल गई। शनिवार को बारिश शुरू होते ही जनपद पंचायत के सीईओ के आवास की छत से पानी टपकने लगा। उन्हें बर्तन रखकर बारिश के पानी को रोकना पड़ा। वहीं जलसंसाधन विभाग के कार्यालय में भी अधिकारियों को टपकती छत के नींचे बैठकर काम करना पड़ा। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

हंडिया में दो घंटे रिमझिम बारिश हुई
हंडिया। शनिवार सुबह से तेज धूप एवं तपन के बाद दोपहर में घने बादल छा गए। दोपहर ३ बजे के दरमियान करीब दो घंटे तक रिमझिम बारिश हुई। किसानों का कहना है कि यह बरसात का शुरूआती दौर है। अभी पानी बुवाई के लिए कम है।

इधर, शहर में दिनभर में कई बार गुल हुई बिजली
शहर में शनिवार को बिजली मेंटेनेंस की पोल खुल गई। दिनभर में 20 से अधिक बार बिजली गुल हुई। इसके चलते लोगों को तेज गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। इंदौर रोड फीडर से जुड़े रौनक विहार कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्र में सुबह से कई बार बिजली गुल हुई। दोपहर साढ़े 3 बजे एक बार फिर बिजली गुल हुई। समाचार लिखने तक सप्लाई चालू नहीं हो सकी थी। कंपनी अधिकारियों के मुताबिक 33 केवी लाइन में फाल्ट के कारण व्यवस्था बाधित हुई। वहीं इंदौर रोड फीडर से सप्लाई घंटों बंद रहने का कारण 11 केवी लाइन में फाल्ट बताया गया। गौरतलब है कि बिजली कंपनी द्वारा कई बार रखरखाव का काम किया जाता है। इसके बावजूद तेज हवा चलते ही सप्लाई बंद हो जाती है। जो घंटों बाधित रहती है। इससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Published on:
10 Jun 2018 01:15 pm
Also Read
View All