कांग्रेस की सूची तैयार, अधिकृत घोषणा अब तक नहीं हुई
हरदा। नगर पालिका आम चुनाव के लिए 21 पार्षद प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने के अगले दिन मंगलवार को भाजपा ने अपने अध्यक्ष प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। पूर्व नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए संगठन ने उन्हें ही टिकट दिया। जैन ने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत बनोठ के समक्ष नामांकन पत्र भी जमा कर दिया। बुधवार को वे जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक बार फिर नामांकन फार्म जमा करेंगे। वहीं भाजपा के बाकी 14 पार्षद प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए जिला कार्यालय में बैठक जारी है। इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों की सूची पर मोहर लगा दी है। हालांकि अब तक अधिकृत सूची जारी नहीं की गई। मंगलवार सुबह से अध्यक्ष प्रत्याशी के रूप में हरिमोहन शर्मा तथा 35 पार्षदों के नाम की सूची वाट्सएप पर वायरल हो चुकी है। विधिवत घोषणा होना अभी बाकी है।