tragic incident: 19 साल की मुस्कान जिद करके अपने भाई, बुआ और भतीजों के साथ पुल पर सेल्फी लेने गई थी, पैर फिसलने से सिर पर लगी चोट और थम गई सांसें..।
tragic incident: मध्यप्रदेश के हरदा में रक्षाबंधन पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां भाई को राखी बांधने से पहले बहन ने सेल्फी लेने की जिद की । लेकिन इसी जिद ने बहन की जिंदगी छीन ली। घटना हरदा जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के उसकल्ली गांव की है जहां गंजाल नदी के पुराने पुल से सेल्फी लेते वक्त एक लड़की का पैर फिसला और वो पत्थरों पर जा गिरी और सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
उसकल्ली गांव में रक्षाबंधन की शाम हुए एक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव के रहने वाले सुदामा राजपूत की 19 साल की बेटी की रक्षा बंधन की शाम मौत हो गई। परिजन ने बताया कि रक्षाबंधन पर पूरा परिवार एक साथ घर पर था। तभी शाम करीब 5 बजे परिजन ने बेटी मुस्कान से कहा कि वह अपने भाई को राखी बांध दे। लेकिन नियति से अंजान मुस्कान ने कहा पहले गंजाल नदी के पुल और आसपास के जंगल में हरियाली देखकर आते हैं। फोटो शूट भी कर लेंगे उसके बाद राखी बांध देंगे। मुस्कान की जिद के आगे सभी मान गए और फिर जो हुआ उससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मुस्कान अपने भाई, बुआ व भतीजे के साथ घूमने और फोटो शूट करने निकल पड़ी। पहले उन्होंने जंगल में फोटो शूट किए और फिर गंजाल नदी के पुराने पुल पर पहुंच गई। इसी दौरान मुस्कान का पैर फिसला और वो पत्थरों पर जा गिरी जिससे सिर में पत्थर की चोट लगी और खून की धार लग गई। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुस्कान की मौत से परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मंगलवार को मुस्कान का गांव में अंतिम संस्कार किया गया।