Cattle Smuggler Injured in Hardoi Police Encounter: हरदोई के सवायजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ में एक शातिर आरोपी घायल होकर गिरफ्तार हुआ, जबकि फायरिंग में एक सिपाही भी जख्मी हो गया। गंगा एक्सप्रेस-वे के पास हुई कार्रवाई में हथियार, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Hardoi Police Encounter Ganga Expressway: जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर पशु तस्कर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बदमाशों की फायरिंग में यूपी पुलिस का एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके से हथियार, नगदी और मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई हाल में दर्ज पशु चोरी की घटनाओं के खुलासे के तहत गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी को सवायजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पदमलापुर निवासी मुकेश और सूरज ने अपनी भैंसें चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को क्षेत्र में सक्रिय गिरोहों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
शनिवार को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध पशु तस्कर गंगा एक्सप्रेस-वे के पास से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेजी से भागने लगा।
खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी अनीस पुत्र लतीफ, निवासी ग्राम खैरपुर, जनपद शाहजहांपुर, के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं बदमाशों की ओर से चली गोली कांस्टेबल संजय मौर्य को भी लगी, जिससे वह घायल हो गए।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और सुरक्षा के बीच इलाज कराया जा रहा है।
मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹4200 नकद,एक मोटरसाइकिल,12 बोर का तमंचा,एक जिंदा कारतूस,दो खोखा कारतूस,एक मोबाइल फोन,बरामद किया है। पुलिस मोबाइल की जांच कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनीस एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ गोवध अधिनियम,गैंगस्टर एक्ट,आर्म्स एक्ट,सहित शाहजहांपुर और बरेली जिलों के विभिन्न थानों में आठ से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में सवायजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार,उपनिरीक्षक शिव शंकर मिश्रा,राकेश कुमार
अशोक कुमार ,सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और बहादुरी की सराहना की है।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है। आशंका है कि यह गिरोह कई जिलों में सक्रिय हो सकता है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि चोरी किए गए पशुओं को कहां और कैसे बेचा जाता था।