हरदोई में 7 साल के मासूम का अपहरण कर 7 लाख की फिरौती मांगी गई। पैसे न मिलने पर बेरहमी से हत्या कर शव खेत में दबा दिया गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां 7 लाख रुपये की फिरौती न मिलने पर बदमाशों ने 7 साल के बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी बच्चे को अगवा कर ले गए थे। और बाद में उसकी लाश खेत में गड्ढा खोदकर छिपा दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है।
हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र के मटियामऊ गांव में एक मासूम बच्चे की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 7 साल का अबू सालेह सोमवार को घर के पास लगे उर्स मेले में गया था। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की। लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। अगले दिन बच्चे के पिता अकील के पास एक फोन कॉल आया। जिसमें अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को छोड़ने के बदले 7 लाख रुपये की मांग की। भरोसा दिलाने के लिए बदमाशों ने पिता से ऑनलाइन 100 रुपये ट्रांसफर भी करवाए। परिवार ने कुछ समय मांगा। लेकिन बाद में पैसे देने से इनकार कर पुलिस को पूरी जानकारी दे दी।
पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर जांच शुरू की और लोकेशन ट्रेस करते हुए टीम कानपुर पहुंची। यहां से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने बच्चे की हत्या की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गांव से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में गड्ढा खोदकर दबाई गई लाश बरामद की।
शव की हालत बेहद खराब थी। बच्चे के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। जिससे साफ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। इस घटना के बाद गांव में गुस्सा फैल गया और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
स्थिति को संभालने के लिए इलाके में कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। वहीं, परिवार का आरोप है कि उन्होंने समय रहते पुलिस को अपहरण और फिरौती की जानकारी दे दी थी। लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।