हरदोई

UP Crime News: हरदोई में पत्नी की हत्या, शक में पति ने काटा सिर, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Hardoi Crime News: हरदोई के इस्लाम नगर टिलिया में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पत्नी के दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था। हत्या के बाद वह खुद थाने पहुंचा।
2 min read
Sep 16, 2026
Hardoi Crime News
हरदोई में पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति (photo- x@MahuaKhabarr)

Hardoi Crime News:हरदोई में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। कोतवाली शहर क्षेत्र के इस्लाम नगर टिलिया में एक युवक ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी नगमा की कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती पूछताछ में पति ने पत्नी पर किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक जताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रात करीब दो बजे सोते समय की हत्या

जानकारी के मुताबिक, वेटगंज निवासी परवेज अपनी पत्नी नगमा के साथ इस्लाम नगर टिलिया में किराए के मकान में रहता था। बुधवार तड़के करीब दो बजे नगमा घर में सो रही थी। इसी दौरान परवेज ने कथित तौर पर उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से नगमा की मौके पर ही मौत हो गई।

खून से सने कपड़े उतारे, नहाकर पहुंचा थाने

वारदात के बाद परवेज ने अपने खून से सने कपड़े बदले और नहाया। इसके बाद वह सीधे कोतवाली शहर पहुंच गया। वहां पहुंचकर उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सुबह के समय थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उसकी बात सुनकर हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पत्नी के प्रेम संबंध का था शक

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि परवेज को अपनी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होता था। बताया गया है कि परवेज ड्राइवर का काम करता था और ज्यादातर समय घर से बाहर रहता था। हालांकि, पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की बात फिलहाल आरोपी के शक और पुलिस की शुरुआती पूछताछ पर आधारित है। पुलिस इस पहलू समेत हत्या से जुड़े अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सीओ अजीत चौहान ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
16 Sept 2026 02:36 pm
Published on:
16 Sept 2026 02:36 pm