
हरदोई. हरदोई और अटल जी का रिश्ता अटूट रहा और 2009 से पहले तक के चुनाव में वह हरदोई आते रहे। लोकसभा चुनाव 2004 में भी वह स्वयं हरदोई तो नहीं आए मगर उनकी एक अपील आई जो कि उन्होंने शाहाबाद से भाजपा प्रत्याशी रहे सत्यदेव सिंह के लिए विशेष रूप से जारी की थी। सण्डीला में संघ के लिए उनके प्रवास को आज भी याद किया जाता है । उनके तमाम साथी सण्डीला और हरदोई के उन्हे याद रहे और प्रधानमंत्री बनने के बाद भी वे अपने साथियों के पत्रों का जवाब स्वयं पत्र के जरिये देते थे । यहां सबसे अहम बात यह भी है पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल जब भजपा और लोकतांत्रिक कांग्रेस गठबन्धन से प्रदेश के ऊर्जा मन्त्री बने थे तो राजग गठबंधन में सहयोगी दल के रूप लोकतांत्रिक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश अग्रवाल राजग गठबन्धन की बैठकों में भाग लेने जाते और अटल जी का आशीर्वाद प्राप्त करते । नरेश अग्रवाल ने 1999 के लोकसभा चुनाव में अटल जी के आशीर्वाद से भाजपा से तीन सीटे मांगकर यूपी में लोकतांत्रिक कांग्रेस के प्रत्यशियों को चुनाव लड़ाया और पहली बार लोकतांत्रिक कांग्रेस के सिंबल से जय प्रकाश लोकसभा पहुंचे और नरेश अग्रवाल ने अटल जी की केंद्र सरकार में हरदोई को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया ।
बोले नरेश अग्रवाल अटल जी को बापू कहता हूं
पूर्व राज्यसभा सांसद व भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने अपने संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई एक दल के नेता नहीं थे वह राष्ट्र के नेता थे। मैंने उन्हें सदैव पिता तुल्य माना। जब वह प्रधानमंत्री थे मैं उनसे मिलने जाता था तो उन्हें बापू कहकर संबोधित करता था। इतना कहते ही वे भावुक हो गए। भरी आवाज में वे आगे बोले कि आज उनके निधन से राष्ट्र ने सबसे बड़ा व्यक्तित्व खो दिया है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। मैं उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उनके निधन से पूरा राष्ट्र दुखी है। अटल जी एक युग के नेता थे, उनके निधन से 'अटल युग' का अंत हो गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री ने वर्षों पुरानी अटल जी के साथ अपनी युवा अवस्था की तस्वीर जो कि एक जनसभा के दौरान ली गई थी, उस तस्वीर को राजस्थान पत्रिका न्यूज़ के साथ साझा करते हुए कहा कि अटल जी का सानिध्य मिला तो जीवन की दिशा बदल गई उनके निधन से लगा कि पिता का साया हट गया मगर विचारों के रूप में वे हमेशा हमारे साथ है हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे ।