हरदोई

सड़क किनारे जलता रहा युवती का शव, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

हरदोई में अतरौली थाना क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ जनपद की सीमा पर महिला का अधजला शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक नमूने जुटाए। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए यहां लाकर शव को जला दिया गया। महिला की पहचान नहीं हो पाई है।

less than 1 minute read
May 31, 2024

हरदोई-लखनऊ सीमा पर युवती की हत्या कर शव सड़क के किनारे जला दिया गया। अतरौली और माल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटना स्थल अतरौली थाना क्षेत्र में निकला।शव के पास में शराब की खाली बोतल और लाइटर भी पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

अतरौली थाना क्षेत्र में पवायां-गहदो मार्ग पर कटियार फार्म के पास से गुरुवार की शाम गुजर रहे राहगीरों ने सड़क के किनारे खड़ी सूखी घास में आग लगी देखी। राहगीरों की मौके पर भीड़ लग गई। इसी समय लखनऊ के ग्राम माल के रहने वाले दीपक पांडेय भी आकर रुक गए।

दीपक ने घास के बीच में शव जलता देखा, इसकी सूचना माल पुलिस को दी। माल पुलिस मौके पर पहुंची, तो युवती का शव जलता मिला। सीमा-विवाद के चलते काफी देर शव जलता रहा।

कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड टीम के साथ अतरौली पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। जब तक शव पूरी तरह जल चुका था। शव के नीचे एक प्लास्टिक की बोरी मिली।

शव 25 वर्षीय युवती का प्रतीत हो रहा था। सफेद रंग की जींस पहने थी, अन्य कपड़े जल चुके थे। शव के पास ही एक लाइटर और कुछ दूरी पर अंग्रेजी शराब की खाली बोतल पड़ी मिली।

इससे स्पष्ट हो रहा है, युवती की हत्या कर बोरी में बंद कर शव किसी वाहन से लाया गया। शराब डालकर शव को जला दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक दिलेश सिंह ने बताया कि चेहरा व शरीर पूरी तरह जल चुका था। पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा,फिलहाल पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

Published on:
31 May 2024 09:54 am
Also Read
View All

अगली खबर