हाथरस

हाथरस थाने में युवक की संदिग्ध मौत: शौचालय में फंदे से लटका मिला, SHO और सिपाही सस्पेंड

हाथरस थाने में हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। युवक का बाथरूम में फंदे से लटका शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने SHO और सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। आखिर पुलिस कस्टडी में क्या हुआ। जानिए पूरी कहानी।

2 min read
Apr 24, 2026
घटना के संबंध में एसपी ने दी जानकारी फोटो सोर्स विभाग

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। गाजियाबाद से गिरफ्तार किए गए दलित युवक का शव थाने के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया है।

हाथरस के चंदपा थाने में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय चंद्रपाल के रूप में हुई है। जो गाजियाबाद के लोनी इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसे एक नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। जानकारी के मुताबिक, चंद्रपाल की एक किशोरी से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। जो धीरे-धीरे बातचीत में बदल गई। दोनों के बीच फोन पर भी संपर्क होने लगा था। करीब 15 अप्रैल को किशोरी अपने घर से निकलकर चंद्रपाल के पास पहुंच गई। इसके बाद लड़की के पिता ने सामाजिक दबाव के चलते कुछ दिनों बाद युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने गाजियाबाद से किया था गिरफ्तार

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंद्रपाल को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को भी बरामद कर लिया था। दोनों को हाथरस लाया गया। जहां लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। जबकि युवक को थाने में रखा गया था।

शौचालय से काफी देर तक बाहर न निकलने पर पुलिस को हुआ शक

बताया गया कि रात करीब 9:50 बजे चंद्रपाल ने शौचालय जाने की बात कही। ड्यूटी पर मौजूद सिपाही उसे बाथरूम तक लेकर गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो सिपाही को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो चंद्रपाल अपने ही गमछे से बने फंदे के सहारे बाथरूम के रोशनदान से लटका हुआ था। पुलिस ने तुरंत उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

कोतवाल और सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चंदपा थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच एएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जिसके बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

Published on:
24 Apr 2026 01:25 pm
Also Read
View All