
नई दिल्ली। Jowar Health Benefits: आयरन, फास्फोरस, कैल्शियम, पोटेशियम, प्रोटीन तथा कई प्रकार के विटामिन और खनिजों से भरपूर ज्वार का सेवन सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। विशेषकर उन लोगों के लिए तो जिन्हें गेहूं से एलर्जी होती है, वे लोग आराम से ज्वार का सेवन कर सकते हैं। ज्वार का इस्तेमाल ना केवल अनाज के रूप में किया जाता है, बल्कि इसकी जड़, पत्ते, फल और रस सभी आपकी सेहत को कई लाभ पहुंचा सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि ज्वार के सेवन से शरीर को क्या-क्या लाभ हो सकते हैं...
1. एनीमिया से बचाए
आमतौर पर महिलाओं में खून की कमी अधिक देखने को मिलती है। ऐसे में एनीमिया को दूर करने के लिए ज्वार की रोटी का सेवन किया जा सकता है। क्योंकि ज्वार के सेवन से लाल रक्त कोशिकाओं को बढ़ावा मिलता है। कैल्शियम और मैग्नीशियम युक्त ज्वार में कॉपर और आयरन भी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। जब हम ज्वार का सेवन करते हैं, तो कॉपर की सहायता से आयरन का अवशोषण बेहतर ढंग से हो पाता है। जिससे यह एनीमिया को दूर करके लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण करने के साथ ही रक्त परीक्षण को भी बढ़ाता है।
2. त्वचा रोगों में
चेहरे पर कील मुहांसों की समस्या से परेशान लोग भी ज्वार के सेवन से इस समस्या से निजात पा सकते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए ज्वार को पीसकर उसमें कत्था मिलाकर मुंहासों पर लगाएं। जल्द ही आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। इसके अलावा आप ज्वार के हरे पत्तों का इस्तेमाल भी त्वचा रोगों को दूर करने के लिए कर सकते हैं। इसके लिए आप ज्वार के हरे पत्तों को पीसकर त्वचा पर लगा सकते हैं।
यह भी पढ़ें:
3. गठिया में राहत
ज्वार का सेवन करने पर इसमें मौजूद मैग्नीशियम की सहायता से कैल्शियम के अवशोषण का विकास होता है। जिससे हमारी हड्डियों को मजबूती मिलने के साथ ही अर्थराइटिस, ओस्टियोपोरोसिस जैसे रोगों में भी आराम मिलता है। इसलिए वृद्धावस्था में स्वस्थ और सक्रिय बने रहने के लिए आप ज्वार के आटे को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं।
4. ऊर्जावान बनाए
हमें अपने दैनिक जीवन में कार्य करने के लिए ऊर्जा की बहुत आवश्यकता होती है। इसलिए ऊर्जा स्रोत के रूप में भी ज्वार का सेवन एक बेहतर विकल्प हो सकता है। ज्वार में विटामिन-B3 के अलावा इसके अंदर नायोसिन भी मौजूद होता है। जिससे यह भोजन के रूप में शरीर में प्रवेश करके ऊर्जा का स्तर बढ़ाता है। इंस्टेंट एनर्जी पाने के लिए यह एक अच्छा विकल्प है। अतः जब भी आप ऊर्जा की कमी अथवा थकावट महसूस करें, तो आप अपनी डाइट में ज्वार को जोड़ सकते हैं।