
Bigg Boss 20 Qazi Touqeer: पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया खोलिए तो एक ही बहस दिखती है। एक तरफ लोग कहते हैं, यह तो गेम का हिस्सा है। दूसरी तरफ लोग कहते हैं, यह हद पार करना है। अगर आप भी बिग बोस देखने के शौकीन हैं तो आपको तो पता ही होगा ताजा विवाद में रोल-प्ले टास्क के दौरान काजी तौकीर ने मनीष गोयल पर अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया। हालांकि मनीष की टीम ने इसे नकारा है। प्रोमो में मनीष भावुक होते दिखे। उनके बेटे आर्यवीर और पत्नी पूनम नरूला गोयल सार्वजनिक रूप से उनके पक्ष में बोल चुके हैं। पत्नी ने दर्शकों से एडिटेड फुटेज से आगे देखने की अपील भी की है। इसके बाद मीम्स और रील्स की बाढ़ आ गई। कुछ लोग मनीष के रोने को ओवरएक्टिंग कह रहे हैं। काजी के फैन कह रहे हैं कि उसने पहले ही कहा था कि एक दिन मनीष को रुलाएगा, और उसने वही किया, वह अच्छा खेल रहा है।
एक बात मैं आपको बता दूं कि यहां किसी को सही या गलत ठहराने की बात नहीं है। हम यह देखेंगे कि हमारा दिमाग अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट के मामले में इतना अलग तरीके से क्यों सोचता है। जो बातें अभी सामने हैं, वे शो के प्रोमो और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं (17 नवंबर 2026 तक की जानकारी)। आइए मनोवैज्ञानिक थ्योरी और मनोचिकित्सक से पत्रिका की खास बातचीत के आधार पर इसको समझते हैं।
वैरीवेल माइंड के मुताबिक,1957 में अमेरिकी मनोवैज्ञानिक लियोन फेस्टिंगर ने अपनी किताब A Theory of Cognitive Dissonance में बताया कि जब हमारे दो विचार या हमारा विचार और हमारा व्यवहार आपस में टकराते हैं, तो मन में बेचैनी पैदा होती है। हम उस बेचैनी को कम करना चाहते हैं। मनोचिकित्सक डॉक्टर आदित्य सोनी का कहना है कि इसको हम ऐसे समझ सकते हैं कि आपने काफी दिनों से मान रखा है, काजी ईमानदार इंसान है, वह जो सोचता है वही बोलता है। फिर एक दिन टीवी पर कुछ ऐसा दिखता है जो आपको खटकता है। अब आपके सामने दो रास्ते हैं; मान लूं कि मैंने गलत इंसान को पसंद किया या फिर कहूं कि उसे उकसाया गया था ज्यादातर लोग अनजाने में दूसरा रास्ता चुनते हैं। इनमें से कुछ बातें कभी-कभी सच भी हो सकती हैं। एडिटिंग वाकई होती है, और उकसावा भी असली हो सकता है। फर्क इस बात से पता चलता है कि यही तर्क हम विरोधी कंटेस्टेंट के लिए भी उतनी ही उदारता से इस्तेमाल करते हैं या नहीं। इसीलिए आपने कई लोगों से और काफी बार ये सुना होगा;
1956 में डोनाल्ड हॉर्टन और रिचर्ड वोल ने पैरासोशल इंटरैक्शन का विचार रखा। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसन की मानें तो इसका मतलब है एकतरफा रिश्ता, जिसमें दर्शक किसी मीडिया पर्सनैलिटी को अपना जानने वाला या दोस्त जैसा महसूस करने लगता है, जबकि सामने वाले को दर्शक का पता भी नहीं होता। बिग बॉस इसके लिए आदर्श जगह है। 24 घंटे कैमरे के सामने रहने वाला इंसान रोता है, हंसता है, खाना बनाता है, घरवालों को याद करता है। आप उसे सुबह की चाय से रात की नींद तक देखते हैं। धीरे-धीरे लगने लगता है कि मैं इसे अच्छी तरह जानता हूं। जब ऐसे जाने-पहचाने इंसान पर उंगली उठती है, तो हमें वह किसी अजनबी पर लगे आरोप जैसा नहीं लगता। वह हमारे किसी करीबी पर हुए हमले जैसा लगता है। इसीलिए बहुत-से फैन कमेंट में लिखते हैं, मेरा काजी या हमारा बंदा। यह हमेशा बुरा नहीं है। पैरासोशल रिश्ते अकेलेपन में सहारा भी देते हैं। असली दिक्कत तब शुरू होती है जब हम भूल जाते हैं कि हम किसी इंसान का एक चुना हुआ, एडिट किया हुआ हिस्सा देख रहे हैं।
सामाजिक मनोवैज्ञानिक हेनरी ताजफेल के काम से पता चला कि लोग बहुत मामूली आधार पर भी खुद को किसी समूह का हिस्सा मान लेते हैं, और फिर अपने समूह के लोगों के साथ ज्यादा नरमी बरतते हैं। इसे इन-ग्रुप बायस कहते हैं। फैन-बेस ठीक इसी तरह काम करता है। किसी दूसरे कंटेस्टेंट का फैन-क्लब सिर्फ पसंद का मामला नहीं रहता, वह पहचान बन जाता है। तब बहस तर्क की नहीं, टीम की हो जाती है। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन (American Psychological Association) के अनुसार,1954 में हेस्टॉर्फ और कैंट्रिल ने प्रिंसटन और डार्टमाउथ के छात्रों को एक ही फुटबॉल मैच की फिल्म दिखाई। दोनों कॉलेजों के छात्रों ने फ़ाउल गिनने में अपनी-अपनी टीम के हक में अलग-अलग सच देखा। फिल्म एक थी, पर देखने वाली नजर अलग थी। बिग बॉस के एक ही प्रोमो पर दो अलग प्रतिक्रियाएं भी कुछ ऐसी ही हैं। इसमें सोशल मीडिया का एल्गोरिदम भी जुड़ जाता है। आप जो देखते हैं, उसी तरह का और कंटेंट आपको मिलता है। इससे आपकी टाइमलाइन पर आपके ही नजरिए की गूंज बढ़ती जाती है।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, हम सिर्फ किसी को देखते नहीं, उसमें अपने आप को भी देखते हैं। कोई फैन इसलिए जो जिसको पसंद करता है कि उसमें उसे वो सही ही दिखता है, उसका संगीत पसंद है, या संघर्ष के बाद आगे बढ़ने की कहानी पसंद है। वोट देना, ट्रेंड चलाना और रील बनाना, ये सब उस लगाव में समय, मेहनत और भावना लगाने के तरीके हैं। जितना हमने लगाया होता है, उतना ही उसे गलत मानना हमारे अपने फैसले को गलत मानने जैसा लगता है। मनोविज्ञान में इसे निवेश की मानसिकता कहा जा सकता है। इसके बाद कंटेस्टेंट का हारना या बदनाम होना हमें निजी नुकसान जैसा लगता है।
रियलिटी शो में दर्शक अक्सर कंटेस्टेंट के व्यवहार को उसकी पूरी पहचान मान लेते हैं। जब पसंदीदा व्यक्ति पर सवाल उठता है, तो दर्शक का दिमाग उसे अपने ऊपर हमला मान लेता है। इसलिए सबसे जरूरी सवाल यह है कि क्या मैं यही तर्क दूसरे पक्ष के लिए भी लगाता, या सिर्फ अपने पसंदीदा के लिए?
डॉक्टर आदित्य सोनी एमबीबीएस, एमडी (मनोचिकित्सा), एमबीए, एफआईपीएस
बिग बॉस एक गेम है, यह सच है। पर अगर किसी कंटेस्टेंट ने किसी की असहजता या अनुचित स्पर्श की बात उठाई है, तो उसे सिर्फ ड्रामा या ओवरएक्टिंग कहकर टाल देना भी पूर्वाग्रह हो सकता है। असली दुनिया में ऐसी शिकायतें गंभीरता से सुनी जानी चाहिए, चाहे आरोप किसी पर भी लगे। आरोप और सजा में फर्क है, इसलिए किसी को दोषी या निर्दोष घोषित करना हमारा काम नहीं है। पर मजाक बनाकर शिकायत को खारिज करना भी सही नहीं है।