
Bird Flu in Andhra Pradesh : आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में एक दो वर्षीय बच्ची की बर्ड फ्लू (Bird Flu) से मौत हो गई। यह घटना 16 मार्च को हुई, लेकिन पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) ने 24 मार्च को पुष्टि की कि बच्ची बर्ड फ्लू से संक्रमित थी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बच्ची ने 26 फरवरी को कच्चे चिकन का एक टुकड़ा खाया था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह कभी-कभी कच्चे चिकन के छोटे टुकड़े खा लिया करती थी। इसके दो दिन बाद, 28 फरवरी को, उसे बुखार और अन्य लक्षण दिखाई देने लगे।
पहले बच्ची को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 4 मार्च को उसे एम्स-मंगलगिरी में स्थानांतरित कर दिया गया। वहां उसे तेज बुखार, सांस लेने में कठिनाई और डायरिया जैसे गंभीर लक्षण दिखे। इलाज के दौरान 16 मार्च को उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बच्ची के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की जांच की गई और उनमें बर्ड फ्लू (Bird Flu) का कोई लक्षण नहीं पाया गया। बच्ची के पिता बैंक रिकवरी एजेंट हैं और मां गृहिणी हैं।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. टी. दामोदर नायडू ने बताया कि पलनाडु और आसपास के जिलों में बर्ड फ्लू (Bird Flu) का कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सभी पोल्ट्री फार्मों की गहन जांच की गई और कहीं भी बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं मिले।
डॉ. नायडू ने कहा कि बच्ची संभवतः कच्चा चिकन खाने के कारण संक्रमित हुई। उन्होंने जनता को सलाह दी कि चिकन और अंडे को अच्छी तरह से पकाकर ही खाएं, क्योंकि 60-70 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पर बर्ड फ्लू वायरस नष्ट हो जाता है।
यह भी पढ़ें : गीले बदाम कैसे खाएं : छिलके साथ या बिना छिलके?
इस घटना पर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जानकारी मिलते ही इस खबर को अपडेट किया जाएगा।