स्वास्थ्य

Convergence Insufficiency: पढ़ते समय आंखों में थकान, अक्षर धुंधले होना किस कारण से होता है? हेल्थलाइन से जानें बचने के उपाय

Convergence Insufficiency Symptoms: किताब या फोन पर पढ़ते ही आंखों में थकान, सिरदर्द या अक्षर धुंधले? क्लीवलैंड क्लिनिक और हेल्थलाइन से जानिए इसके आम कारण, कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी क्या है और कब डॉक्टर से मिलना चाहिए।
4 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 12:30 PM IST
woman rubbing tired eyes while reading, working on laptop
पढ़ते समय बार-बार आंख मलना, सिरदर्द या अक्षर धुंधले दिखना सिर्फ़ आलस नहीं, आँखों के तालमेल की समस्या का संकेत भी हो सकता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Convergence Insufficiency Cause: शाम को होमवर्क करने बैठा बच्चा दस मिनट बाद ही आंखें मलने लगता है। कभी कहता है कि किताब के अक्षर हिलते हुए दिख रहे हैं, तो कभी बिना बताए पढ़ाई छोड़कर उठ जाता है। घर वाले सोचते हैं कि शायद पढ़ने में उसका मन नहीं लग रहा। ऐसा ही कुछ दफ्तर में काम करने वाले लोगों के साथ भी होता है। दोपहर होते-होते स्क्रीन पर लिखे अक्षर धुंधले दिखने लगते हैं और सिर भारी महसूस होने लगता है। वे इसे काम का तनाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हर बार इसकी वजह आलस या तनाव नहीं होता। कई बार इसकी वजह आंखों के आपसी तालमेल में गड़बड़ी हो सकती है। खास बात यह है कि आंखों की सामान्य जांच में भी यह समस्या पकड़ में नहीं आती। आइए जानते हैं कि पास की चीजें देखते समय आंखें क्यों थकती हैं, कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी क्या है और इसके लक्षण दिखने पर कब डॉक्टर से मिलना चाहिए।

पास की चीजें देखते समय आंखें क्या करती हैं?

क्लीवलैंड क्लींनिक के मुताबिक, जब हम किताब, मोबाइल या लैपटॉप को पास से देखते हैं, तो दोनों आंखें हल्की सी अंदर की ओर मुड़ती हैं। ऐसा इसलिए होता है, ताकि दोनों आंखों की नजर एक ही जगह पर टिक सके और हमें चीज साफ दिखाई दे। इस प्रक्रिया को कन्वर्जेंस (Convergence) कहते हैं। यह काम सामान्य तौर पर अपने आप होता है और हमें इसका अहसास भी नहीं होता। इसे ऐसे समझिए कि दो लोग एक ही निशाने पर ध्यान लगा रहे हैं। अगर दोनों का निशाना एक जगह न टिके, तो तस्वीर धुंधली या दोहरी दिखाई दे सकती है। पास की चीजें देखते समय आंखों के साथ भी ऐसा हो सकता है।

कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी क्या है?

हेल्थलाइन के अनुसार, कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी आंखों से जुड़ी एक ऐसी समस्या है, जिसमें पास की चीजें देखते समय दोनों आंखें एक साथ अंदर की ओर ठीक से नहीं मुड़ पातीं। ऐसे में आंखों के लिए एक ही जगह पर फोकस बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। इसके कारण धुंधला दिखना, दोहरी तस्वीर नजर आना और आंखों में थकान जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

इस समस्या में आंखों की मांसपेशियां जरूरी नहीं कि कमजोर हों। यानी समस्या सिर्फ नजर के नंबर की नहीं, बल्कि दोनों आंखों के एक साथ काम करने की क्षमता से जुड़ी है। यह समस्या अक्सर बचपन में शुरू होती है, लेकिन कई बार लंबे समय तक पहचान में नहीं आती। खासकर पढ़ना सीखने की उम्र में बच्चों में इसके लक्षण सामने आ सकते हैं। हालांकि, वयस्क भी इससे प्रभावित हो सकते हैं। सिर में चोट लगने या कन्कशन के बाद भी कुछ लोगों में यह समस्या शुरू हो सकती है। क्लीवलैंड क्लींनिक के मुताबिक, अमेरिका में करीब 2 से 13 प्रतिशत लोगों में यह समस्या देखी गई है। अलग-अलग शोध में इसके आंकड़े अलग हो सकते हैं, इसलिए इसे एक अनुमान के तौर पर समझना चाहिए।

पढ़ते समय कौन से लक्षण दिख सकते हैं?

कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी के लक्षण खासतौर पर तब दिखाई देते हैं, जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक पास की चीजों पर ध्यान लगाता है। जैसे किताब पढ़ना, मोबाइल चलाना या कंप्यूटर पर काम करना। इसके सामान्य लक्षण हैं;

  • पढ़ते समय सिरदर्द होना।
  • आंखों में थकान या दर्द महसूस होना।
  • अक्षरों का धुंधला दिखाई देना।
  • एक ही चीज की दो तस्वीरें नजर आना।
  • पढ़ते समय ध्यान लगाने में परेशानी होना।
  • चक्कर आना।
  • बार-बार आंखें मलना या सिकोड़ना।
  • पढ़ते समय एक आंख बंद करने की कोशिश करना।

इसकी जांच कैसे होती है?

इस समस्या को लेकर एक बड़ी गलतफहमी यह है कि अगर किसी व्यक्ति की सामान्य आंखों की जांच में सब ठीक आया है, तो उसकी आंखों में कोई परेशानी नहीं हो सकती। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। Cleveland Clinic के अनुसार, सामान्य 20/20 विजन चार्ट से कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी का पता नहीं चलता। यानी कोई व्यक्ति चार्ट पर लिखे अक्षर साफ पढ़ सकता है, फिर भी उसे पास की चीजों पर दोनों आंखों से फोकस करने में परेशानी हो सकती है। इसकी पहचान के लिए आंखों की विशेष जांच की जाती है। यह जांच नेत्र रोग विशेषज्ञ (ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट) या ऑप्टोमेट्रिस्ट कर सकते हैं। अगर सामान्य जांच में सब ठीक आने के बाद भी पढ़ते समय सिरदर्द, धुंधलापन या आंखों में थकान बनी रहती है, तो डॉक्टर को इन लक्षणों के बारे में जरूर बताएं। उनसे पूछें कि क्या आंखों के आपसी तालमेल की जांच की गई है।

किन लक्षणों में डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

अगर पढ़ते या मोबाइल देखते समय बार-बार परेशानी हो रही है, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें। इन स्थितियों में नेत्र विशेषज्ञ से मिलें;

  • पढ़ते समय बार-बार आंखों में थकान या सिरदर्द होना।
  • किताब या स्क्रीन के अक्षर धुंधले या दोहरे दिखाई देना।
  • बच्चा पढ़ाई के दौरान आंखें मलता हो या एक आंख बंद करता हो।
  • सामान्य आंखों की जांच के बाद भी परेशानी बनी रहना।
  • सिर में चोट लगने के बाद पढ़ने में दिक्कत या दोहरा दिखाई देना।

कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी से जुड़े 4 जरूरी सवाल

1. क्या पढ़ते समय आंखों में थकान होने का मतलब कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी है?

नहीं। आंखों में थकान के कई कारण हो सकते हैं। चश्मे का गलत नंबर, लंबे समय तक स्क्रीन देखना और आंखों में सूखापन भी इसकी वजह हो सकते हैं। सही कारण जानने के लिए जांच जरूरी है।

2. क्या नंबर वाला चश्मा लगाने से यह समस्या ठीक हो जाती है?

सिर्फ सामान्य नंबर वाला चश्मा लगाने से कन्वर्जेंस इन्सफिशिएंसी ठीक नहीं होती। हालांकि, अगर व्यक्ति को चश्मे के नंबर की भी समस्या है, तो डॉक्टर उसका अलग से इलाज कर सकते हैं।

3. क्या यह समस्या वयस्कों में भी हो सकती है?

हां। यह समस्या बचपन से हो सकती है और कई बार बड़े होने पर भी बनी रहती है। कुछ लोगों में सिर की चोट या कन्कशन के बाद भी इसके लक्षण सामने आ सकते हैं।

4. क्या इलाज के बाद यह समस्या दोबारा हो सकती है?

इलाज के बाद ज्यादातर लोगों में लक्षणों में सुधार होता है। हालांकि, कुछ लोगों में समय के साथ परेशानी दोबारा महसूस हो सकती है। नींद की कमी, बीमारी और लंबे समय तक पास की चीजों पर ध्यान लगाने से लक्षण बढ़ सकते हैं। ऐसे में डॉक्टर से दोबारा जांच कराना जरूरी है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on: