
Skin disease treatment : लंदन. वेलकम सेंगर इंस्टीट्यूट और न्यूकैसल विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों को जन्मपूर्व मानव त्वचा का पहला एकल कोशिका मैप तैयार करने में सफलता मिली है। इससे त्वचा निर्माण और विभिन्न प्रकार के चर्म रोगों का उपचार संभव हो सकेगा।
नेचर जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक शोधकर्ताओं ने नक्शे में मानव त्वचा के जटिल विकास और बालों के रोम पैदा होने का चित्रण किया। इसके लिए जीनोमिक तकनीकों का उपयोग किया गया। शोध मानव त्वचा के निर्माण के लिए नया रास्ता खोल सकता है। शोध की सह-प्रथम लेखिका डॉ. एलेना विन्हेम ने कहा कि त्वचा और बाल प्रत्यारोपण के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आ सकते हैं। जन्मजात त्वचा विकारों पर अनुसंधान के नए रास्ते खुलेंगे।
शोध दल ने प्रयोगशाला में त्वचा भी विकसित की। यह बाल उगाने में सक्षम है। यह मानव जन्म से पूर्व की त्वचा से काफी मिलती-जुलती है। शोध से त्वचा में रक्त वाहिकाओं के निर्माण और प्रतिरक्षा कोशिकाओं के विकास के बारे में नई जानकारियां सामने आई हैं।
प्रसव पूर्व त्वचा की बिना दाग छोड़े ठीक होने की क्षमता पर भी शोध किया गया। त्वचा की इस तकनीक को समझने का प्रयास किया जा रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तकनीक से वयस्कों में सर्जरी या चोट के बाद निशान रोके जा सकेंगे।