
नई दिल्ली। Blackberry Seeds Benefits: अम्लीय प्रकृति के फल जामुन में कई बीमारियों से लड़ने का गुण होता है। आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, ग्लूकोस, फ्रक्टोज, विटामिन सी जैसे पोषक तत्वों से भरपूर इस काले रंग के फल में फाइबर भी पर्याप्त मात्रा में होता है। आमतौर पर हम सभी जामुन खाकर उसकी गुठलियों को फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गुणों से भरपूर फल जामुन की गुठलियां भी हमारे स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी बताई गई हैं। तो आइए जानते हैं जामुन की गुठलियों के फायदे, जिन्हें जानकर आप अगली बार जामुन खाकर उसकी गुठली को फेंकने की गलती नहीं करेंगे...
• डायबिटीज से बचने में
एंटी-डायबिटिक गुण मौजूद होने के कारण मधुमेह के मरीजों के लिए जामुन की गुठली के फायदे देखे जा सकते हैं। इसके अलावा, एक शोध में पाया गया है कि टाइप-टू डायबिटीज के मरीजों के लिए जामुन की गुठली से बने सप्लीमेंट्स का सेवन उनमें रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक हो सकता है। साथ ही यह आपके शरीर में मधुमेह से जुड़े खतरे को भी कम करने में मदद कर सकता है।
• उल्टी से राहत के लिए
गलत अथवा असंतुलित खान-पान और पाचन प्रक्रिया बिगड़ने पर उल्टी जैसी समस्या होना आम बात है। इस समस्या से राहत पाने के लिए भी जामुन की गुठली गुणकारी मानी जाती है। इसके लिए अगर आप जामुन की गुठली से बने पाउडर को पानी में मिलाकर पिएंगे, तो जल्द ही आपको उल्टी की समस्या से आराम मिल सकता है।
• रक्तचाप को कम करे
जिन लोगों को हाई बीपी की प्रॉब्लम है उनके लिए भी जामुन की गुठली फायदेमंद हो सकती है। एक अध्ययन के अनुसार, एलेजिक एसिड युक्त जामुन की गुठली का सेवन रक्तचाप के नियंत्रण में कारगर साबित हो सकता है। इसी अध्ययन में एलेजिक एसिड के सेवन से हाई ब्लड में आश्चर्यजनक रूप से कई प्रतिशत की कमी पाई गई।
• गैस्ट्रिक की समस्या में
गैस्ट्रिक समस्या से राहत के लिए जामुन की गुठली फायदेमंद हो सकती है। इसकी गुठली से निकलने वाला अर्क गैस की समस्या से राहत दिला सकता है। हालांकि, पेट संबंधी समस्याओं के निदान के लिए एक बार चिकित्सक से सलाह अवश्य लें।
• स्वस्थ दांतों के लिए
आपके मसूड़ों तथा दांतों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए भी जामुन की गुठली के फायदे देखे जा सकते हैं। क्योंकि जामुन की गुठली में कैल्शियम होता है, जो आपके दांतों को मजबूत बनाने और इनके सही विकास में सहायक होता है। बच्चों तथा वयस्कों दोनों के दांतों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कैल्शियम एक आवश्यक तत्व है। इसके अलावा, मसूड़ों में सूजन और खून निकलने की समस्या को भी विटामिन सी युक्त जामुन की गुठली के सेवन से ठीक किया जा सकता है।