
स्पेन में कोरोना वायरस की चपेट में आने से अब तक 27,650 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन कोरोना से संक्रमित सभी मरीजों की किस्मत मारिया ब्रायन्स जैसी नहीं है। 113 साल की मारिया संभवत स्पेन की सबसे बुजुर्ग महिला हैं। 4 मार्च, 1907 को जन्मी मारिया भी इस वैश्विक महामारी की चपेट में आ गईं थीं। कैटेलोनिया के आटल में रहने वाली इस सुपर-सेंटेनेरियन दादी ने हाल ही कोरोना से चल रही अपनी जंग जीत ली है। अब वे एक कोरोना सर्वाइवर या कोरोना वॉरियर भी हैं। बातचीत में मारिया ने बताया कि सेहत के लिहाज से अब मैं ठीक हूं। 4 मार्च को अपना 113वां जन्म दिन मनाने के बाद ही उन्हें कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला। तब से ही वे इस महमारी से जूझ रही हैं। संक्रमण के कारण परिवार का कोई भी सदस्य इस दौरान उनके पास नहीं था। मारिया बीते 18 साल से देखभाल और अच्छी सेहत के लिए परिवार से अलग सांता मारिया डेल तुरा नर्सिंग होम में अपने निजी कमरे में रहती हैं।
मारिया का जन्म यूं तो अमरीका के सैन फ्रांसिस्को में हुआ था, जहां उनके पिता एक पत्रकार के रूप में काम करते थे। अपने लंबे जीवन के दौरान वह दो विश्व युद्धों के साथ-साथ 1918 में फैली स्पेनिशफ्लू महामारी से भी बच चुकी हैं जिसने दुनिया भर में 50 मिलियन (5 करोड़) से अधिक लोगों की जान ले ली थी। हालांकि मारिया जिस नर्सिंग होम में रह रही थीं कोरोना से दो अन्य बुजुर्ग महिलाओं ने दम तोड़ दिया।