स्वास्थ्य

Covid 19… अगर घर से काम कर रहे हैं तो इन छह बातों का रखें ध्यान

वर्क फ्रॉम होम से दिनचर्या बिगडऩे का डर रहता है। बढ़ जाता है तनाव और बीमारी का खतरा

2 min read
Apr 04, 2020
Covid 19... अगर घर से काम कर रहे हैं तो इन छह बातों का रखें ध्यान
Covid 19... अगर घर से काम कर रहे हैं तो इन छह बातों का रखें ध्यान

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन हो चुका है। अधिकतर लोग घर से काम कर रहे हैं। वहीं जो लोग ऑफिस नहीं जाते थे उनका
घर से बाहर निकलना बंद हो गया है। ऐसे में सेहत को लेकर हर किसी की चिंता बढ़ गई है। एनर्जी खर्च के साथ तनाव भी बढ़ रहा है। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।
प्रोटीन डाइट ज्यादा लें
प्र्रोटीन रिच डाइट में अमीनो एसिड अधिक मिलता है। यह टी-सेल्स की संख्या को बढ़ाता है। टी-सेल्स हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली सेल्स को एनर्जी देती हैं। इसलिए खाने में दलिया, पनीर, दालें, मशरूम, साबुत अनाज, स्प्राउट अधिक लें। लिक्विड डाइट अधिक लेने से भी इम्युनिटी बढ़ती है।
योग-ध्यान
नियमित योग-ध्यान से दिमाग शांत रहता है। इससे हैप्पी हार्मोन्स निकलते हैं और स्टे्रस हार्मोन्स नष्ट होते हैं। शरीर की इम्युनिटी बढ़ती है। इम्यून सेल्स ही वायरस की पहचान को मारने का काम करते हैं। तनाव न होने से शरीर में फ्री रेडिकल्स नहीं बढ़ते हैं। यह शरीर के संपूर्ण विकास के लिए जरूरी है।
8-9 घंटे की नींद
एक वयस्क व्यक्तिको रोजाना करीब 8-9 घंटे की नींद जरूरी है। नींद के समय ही शरीर में होने वाली टूट-फूट की मरम्मत होती है। कम नींद से तनाव व चिड़चिड़ापन बढ़ता है। इससे इम्युनिटी और कार्यक्षमता दोनों पर ही असर पड़ता है। इसलिए नींद से कोई समझौता न करें। रोजाना पर्याप्त नींद जरूर लें।
नियमित व्यायाम
घर पर रहने से दिनचर्या बिगड़ सकती है। लेकिन आप ऐसा न करें। वजन बढऩे का खतरा रहता है। रोजाना करीब 45 मिनट व्यायाम करें। व्यायाम करने वाले लोगों पर वायरस का असर करीब 50 फीसदी कम होता है। इम्यून सिस्टम बढऩे से वायरस को नष्ट करने वाले ब्लड सेल्स भी बढ़ते हैं।
धूप में भी बैठें
घर की छत या बालकनी में धूप मेंं बैठें। लगातार घर में रहने से विटामिन डी की कमी हो सकती है। यह ऊर्जा देने के साथ कई तरह के संक्रमणों से भी बचाव करता है। इंफेक्शन से फाइट में मदद करने वाली टी-सेल्स को एनर्जी विटामिन डी से मिलती है।
नशा न करें
कोई भी नशा न करें। मादक पदार्थों में कई ऐसे कैमिकल और तत्व होते हैं जो सीधे हैल्दी सेल्स को डैमेज करते हैं। इससे इम्युनिटी घटती है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। हाइजीन का भी ध्यान रखें।
डॉ.आराधना सिंह, सीनियर फिजिशियन, एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर

Published on:
04 Apr 2020 02:07 pm