
Intersection Syndrome: दिनभर कीबोर्ड पर काम करने वाले या लगातार लिखने वाले कई लोग एक शिकायत लेकर आते हैं, अंगूठे की तरफ कलाई के ऊपर दर्द रहता है, कभी सूजन भी दिखती है। ज्यादातर लोग इसे थकान समझकर टालते रहते हैं। कई बार यह इंटरसेक्शन सिंड्रोम होता है, जो जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल से होने वाली एक परेशानी है। आइए जानते हैं कि ऐसा किस कारण से होता है और इससे बचने के लिए हमें क्या करना चाहिए।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, हमारी कलाई के पीछे से गुजरने वाली कुछ टेंडन (कंडराएं) अंगूठे और कलाई को हिलाने में मदद करती हैं। अंगूठे को फैलाने वाली मांसपेशियों की टेंडन आगे जाकर कलाई को सीधा करने वाली मांसपेशियों की टेंडन के ऊपर से गुजरती हैं। इसी क्रॉसिंग वाली जगह पर बार-बार रगड़ होने से सूजन आ जाती है। इसे ही इंटरसेक्शन सिंड्रोम कहते हैं। यह दर्द आमतौर पर कलाई की हड्डी के पास नहीं, बल्कि उससे लगभग 4 से 8 सेंटीमीटर ऊपर, अंगूठे वाली साइड के अग्रबाहु (फोरआर्म) पर होता है। BMJ में छपे एक केस में 44 साल के एक व्यक्ति को तीन महीने तक यही दिक्कत रही। पहले दर्द सिर्फ टेनिस खेलते समय होता था। बाद में लिखने, टाइप करने और चाबी घुमाने में भी होने लगा।
यह भ्रम आम है। डी क्वेरवेन्स टेनोसाइनोवाइटिस में दर्द अंगूठे के ठीक नीचे, कलाई के किनारे वाली हड्डी के पास होता है, और यह इंटरसेक्शन सिंड्रोम से कहीं ज्यादा आम है। इंटरसेक्शन सिंड्रोम में दर्द कुछ ऊपर होता है और चरचराहट महसूस हो सकती है। असली फर्क डॉक्टर जांच करके ही कर पाते हैं, इसलिए खुद अंदाजा न लगाएं।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, दो हफ्ते आराम के बाद भी दर्द कम न हो, तो हड्डी-जोड़ (ऑर्थोपेडिक) या स्पोर्ट्स मेडिसिन के डॉक्टर को दिखाएं। अगर चोट लगने के बाद दर्द हुआ हो, उंगलियों में सुन्नपन या झनझनाहट हो, जगह लाल और गर्म हो, या बुखार के साथ सूजन हो, तो देरी न करें।
कलाई के ऊपर अंगूठे की तरफ होने वाला बार-बार का दर्द और सूजन हर बार मामूली थकान नहीं होती। लगातार टाइपिंग, लिखने या खेल की वजह से टेंडन पर पड़ने वाला दबाव इंटरसेक्शन सिंड्रोम का रूप ले सकता है। अच्छी बात यह है कि ज्यादातर मामलों में सही समय पर आराम, काम के तरीके में बदलाव और डॉक्टर की सलाह से राहत मिल जाती है।