19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Health / Winter Itch: सर्दियों में नहाने के बाद खुजली क्यों होती है? DermNet से जानें कारण और बचाव के तरीके

Winter Itch: सर्दियों में नहाने के बाद खुजली क्यों होती है? DermNet से जानें कारण और बचाव के तरीके

Itching After Bath In Winter: सर्दियों में नहाने के बाद खुजली क्यों बढ़ती है? गरम पानी, साबुन और रूखी हवा का असर, जेरोटिक एक्जिमा की पहचान और कब डॉक्टर को दिखाएं, हेल्थलाइन, क्लीवलैंड क्लिनिक और डर्मनेट से जानिए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 19 Nov 2026, 3:30 PM IST

Person scratching dry shins after a hot bath in winter

नहाने के बाद नमी वाली क्रीम लगाने की छोटी-सी आदत पूरी सर्दी की खुजली से बचा सकती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Itching After Bath In Winter: सुबह के साढ़े छह बजे हैं। बाहर कोहरा है। आपने गीजर चलाया, बाल्टी में खूब गरम पानी भरा और मन में सोचा कि आज तो जी भरकर नहाऊंगा। साबुन लगाया, खूब रगड़ा, ऊपर से गरम पानी डाला। उस वक्त बहुत अच्छा लगा। तौलिया लपेटा, कमरे में आए, हीटर के सामने खड़े होकर कपड़े पहनने लगे। और तभी पिंडलियों में हल्की-सी झनझनाहट शुरू हुई। फिर खुजली। आपने एक बार खुजलाया, फिर दोबारा। अब त्वचा पर सफेद लकीरें उभर आई हैं। अगर यह सीन आपके घर का भी है, तो आप अकेले नहीं हैं बहुत सारे लोगों के साथ ऐसा होता है कि वो नहाकर आए फिर भी उनको खुजली होने लगी

गरम पानी, जो आराम देता है और त्वचा से तेल भी कम कर सकता है

डर्मनेट के मुताबिक, हमारी त्वचा के ऊपर एक पतली परत होती है, जिसे आप दीवार की तरह समझ सकते हैं। इस दीवार में पानी और प्राकृतिक चिकनाई जमा रहती है। जब आप बहुत गरम पानी डालते हैं और ऊपर से साबुन रगड़ते हैं, तो यह चिकनाई घुलकर बह जाती है। दीवार में दरारें पड़ने लगती हैं।

सर्दी की हवा और हीटर, जो बची हुई नमी भी खींच सकते हैं

सर्दी में हवा वैसे ही सूखी होती है। कमरे में फैन हीटर चल रहा हो तो और भी। चर्म रोग विशेषज्ञ बताते हैं कि कम नमी वाला माहौल त्वचा की ऊपरी परत से पानी का उड़ना बढ़ा देता है। यानी जिस त्वचा की चिकनाई पहले ही नहाने में बह चुकी थी, उसकी बची-खुची नमी भी उड़ने लगती है।

जब खुजलाना ही बीमारी को बड़ा बना देता है

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, नाखून से खुजलाते ही त्वचा की बची हुई सुरक्षा भी टूटती है। सूजन बढ़ती है, लाली आती है और खुजली और तेज हो जाती है। इसे चक्र की तरह समझिए: रूखापन, खुजली, खुजलाना, और रूखापन। जब यह दशा बनी रहती है तो त्वचा सूखी जमीन की तरह चटकी हुई दिखने लगती है, जिसमें हीरे के आकार के टुकड़े लाल लकीरों से बंटे होते हैं। डॉक्टर इसे जेरोटिक एक्जिमा या एस्टीएटोटिक एक्जिमा कहते हैं। इसका फ्रेंच नाम एक्जिमा क्रैकलेट है, जो इसके चटके हुए रूप से आया है।

किन लोगों को ज्यादा होती है ये समस्या?

यह उम्र के साथ ज्यादा आम होता है, खासकर 60 के बाद, क्योंकि उम्र के साथ त्वचा में तेल और नमी कम बनती है। पर बच्चे, युवा, किसी को भी हो सकता है, अगर त्वचा बहुत रूखी हो। घर में बुजुर्ग हों तो उनकी पिंडलियों पर एक नजर जरूर रखें।

नहाने के बाद और नहाते समय इन बातों का ध्यान रखें

  • हेल्थलाइन के अनुसार, पानी गुनगुना रखें, गरम नहीं और नहाना बहुत लंबा न खींचें। सामान्य सलाह है कि 5 से 10 मिनट पर्याप्त हैं।
  • साबुन कम करें।
  • नहाने के तुरंत बाद नमी बंद करें।
  • हीटर के बहुत पास न बैठें।
  • खुजली आए तो खुजलाने की जगह हल्का थपथपाएं या ठंडा कपड़ा रखें।
  • नाखून छोटे रखें।
  • सूती कपड़े पहनें।

कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए

  • नियमित मोटी क्रीम लगाने के बाद भी एक-दो हफ्ते में आराम न मिले।
  • त्वचा से पानी या पीला पपड़ीदार स्राव निकले, या दर्द के साथ सूजन और गरमी हो। यह संक्रमण का संकेत हो सकता है।
  • अचानक शुरू हुई खुजली के साथ वजन घटना, बुखार या बहुत थकान हो।
  • बहुत ज्यादा परत उतरना, या बाल झड़ना, वजन बढ़ना और सुस्ती जैसे लक्षण साथ हों। थायरॉइड जैसी वजहें जांच मांग सकती हैं।
  • घर में दूसरों को भी खुजली हो, उंगलियों के बीच दाने हों और रात में खुजली बहुत तेज हो। यह खुजली की किसी और बीमारी का संकेत हो सकता है।
  • पूरे शरीर में खुजली, पर त्वचा पर कुछ दिखे ही नहीं, और कई हफ्ते से हो।

1. सर्दियों में नहाने के बाद ही खुजली क्यों बढ़ती है?

गरम पानी और साबुन त्वचा की प्राकृतिक चिकनाई घटा देते हैं, और सर्दी की सूखी हवा बची नमी भी उड़ा देती है। इससे त्वचा रूखी होकर खुजलाने लगती है।

2. क्या जेरोटिक एक्जिमा खतरनाक है?

ज्यादातर मामलों में नहीं। यह अक्सर नमी लगाने और नहाने की आदत बदलने से संभल जाता है। पर खुजली से घाव, संक्रमण या बहुत लंबी अवधि की तकलीफ हो तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

3. क्या यह दोबारा हो सकता है?

हां। अगर त्वचा फिर रूखी हो जाए, तो यह लौट सकता है। इसलिए सर्दी भर नमी लगाने की आदत बनाए रखें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।