
हॉलीवुड अभिनेत्री एना केंड्रिक का कहना है कि उन्होंने इस विचार को खारिज कर दिया कि आगामी फिल्म ‘पिच परफेक्ट 3’ में उन्हें और उनके साथी कलाकार को तंग और छोटे कपड़े पहनने चाहिए। 32 वर्षीया केंड्रिक ने इस हिट म्यूजिकल फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग में अपनी बेका की भूमिका को दोहराया है।
उनका मानना है कि रेबेल विल्सन, ब्रिटनी स्नो और हैली स्टेनफेल्ड को दर्शकों को सिनेमा हॉल तक खींचने के लिए फिल्म में हॉट दिखना जरूरी नहीं है।
केंड्रिक ने कहा, ‘यह अजीब है- कपड़े पहनने को लेकर हमें ऊपर से निर्देश मिलते थे कि वे तंग और छोटे होने चाहिए, साथ ही ज्यादा से ज्यादा जिस्म दिखाने वाले होने चाहिए।’ उन्होंने आगे कहा, ‘और मैं कह रही हूं, लोग यह देखने के लिए फिल्म देखने नहीं आएंगे। वे निश्चित रूप से हमें हमारे छोटे कपडों और हॉटनेस को देखने के कारण नहीं आ रहे हैं।’
गौरतलब है कि एना केंड्रिक पिछले दिनों अपने जूतों को लेकर सुर्खियों में रही थीं। अभिनेत्री केंड्रिक ने बहुत महंगे जूते खरीदे थे। इन जूतों की कीमत एना के घर के किराए से भी अधिक थी। एना को ये जूते खरीदने के लिए उनके स्टाइलिस्ट ने मनाया था। तब केंड्रिक ने कहा था कि फिल्म ‘अप इन द एयर’ के प्रचार करने के दौरान बेहतर दिखने के लिए उन्होंने यह खरीदारी की। फिल्म में उन्होंने नताली कीनर की भूमिका निभाई। केंड्रिक ने कहा था कि उस समय उनको कोई नहीं जानता था क्योंकी उनकी फिल्म भी रिलीज नहीं हुई थी। तब उनके स्टाइलिस्ट ने उनको महंगे जूते खरीदने के लिए कहा। एना का कहना था कि वे अब खुद कीमती चीजें खरीदने की क्षमता रखती हैं तो उन्हें कई उपहार मिलते हैं, लेकिन जब वह फिल्मी दुनिया में पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, तब ऐसा नहीं था। फिल्म ‘अप इन द एयर’ में उन्होंने नताली कीनर की भूमिका निभाई थी।