
Kung Fu Hustle Actor Bruce Leung Death: एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘Kung Fu Hustle’ से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले दिग्गज मार्शल आर्टिस्ट और एक्टर ब्रूस लियुंग अब हमारे बीच नहीं रहे। 77 साल की उम्र में उनका निधन एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 14 जनवरी 2026 को अपनी आखिरी सांस ली। परिवार इस मुश्किल घड़ी में अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा है। 26 जनवरी, 2026 को चीन के शेनझेन के लोंगगांग जिले में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके जाने की खबर से फैंस, सह-कलाकारों और पूरी फिल्म इंडस्ट्री में गहरा शोक फैल गया है।
ब्रूस लियुंग ने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को निजी ही रखना पसंद किया। यही इच्छा उन्होंने आखिरी सफर के लिए भी जताई थी। इसी वजह से परिवार ने उनके निधन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की। लेकिन आज (20 जनवरी) उनकी पत्नी सोंग जियांग ने उनके सीनियर स्टूडेंट डैनी के माध्यम से इस दिल दहला देने वाली खबर को साझा किया।
डैनी के मुताबिक, 14 जनवरी 2026 को शाम 4 बजे ब्रूस लियुंग को हार्ट अटैक आया। डॉक्टरों ने लगातार छह घंटे तक पूरी कोशिश की, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गए। उनकी मौत की जानकारी सामने आते ही फैंस और करीबियों का दिल टूट गया।
जैकी चैन ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “पहले तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ और सच कहूं तो मैं मानना भी नहीं चाहता था। ब्रूस लियुंग हमेशा से ‘कुंग-फू’ के महान उस्ताद रहे हैं। उन्हें पारंपरिक मार्शल आर्ट की कई विधाओं में कमाल की महारत थी और हर स्टाइल में उनकी अपनी अलग पहचान थी। उन्होंने जो भी सीखा, उसे फिल्मों और टीवी में बेहतरीन तरीके से दिखाया और एक शानदार एक्शन डायरेक्टर बने। एक एक्टर के तौर पर भी उन्होंने कई ऐसे रोल किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया और हम साथी कलाकारों ने भी उनका बहुत सम्मान किया।
जैकी ने आगे कहा, “भाई लियुंग… बीजिंग में आज बर्फ गिर रही है, मौसम उदास है, मैं तुम्हें बहुत याद कर रहा हूं।”
बता दें ब्रूस लिउंग हांगकांग फिल्मों के जाने–माने मार्शल आर्ट एक्टर थे। उन्हें सबसे ज्यादा स्टीफन चाउ की फिल्म ‘कुंग फू हसल’ (2004) में ‘द बीस्ट’ के दमदार रोल से पहचान मिली। 1970–80 के दशक में उन्होंने कई मार्शल आर्ट फिल्मों में काम किया, जैसे ‘द ड्रैगन लिव्स अगेन’ और ‘मैग्नीफिसेंट बॉडीगार्ड्स’।
‘ब्रूस ली’ के निधन के बाद वे ब्रूसप्लोइटेशन फिल्मों के प्रमुख चेहरे माने गए। फिल्मों के अलावा उन्होंने टीवी शो द लेजेंडरी फोक में भी काम किया था।