
Miss Universe Contestants Accuse Organizers for sexual Harassment: मिस यूनिवर्स इंडोनेशिया कंपीटिशन में शामिल हुईं छह कंटेस्टेंट ने शो के आयोजकों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इसके लिए लड़कियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। लड़कियों का कहना है कि शो के आयोजकों ने बॉडी चेक के नाम पर उनके सभी कपड़े उतरवाए। इसके बाद उनकी तस्वीरें भी ली गईं। पुलिस ने प्रतियोगियों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बीते हफ्ते हुआ था ये शो
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक ये इंडोनेशियन ब्यूटी पीजेंट हुआ था। 6 कंटेस्टेंट का कहना है कि कई पुरुषों सहित 20 से ज्यादा लोगों के सामने एक कमरे में जांच की बात कहते हुए उनसे अंडरवियर उतारने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता लड़कियों के वकील मेलिसा एंगग्रेनी ने कहा कि पांचों प्रतियोगियों की टॉपलेस तस्वीरें भी खींची गईं।
एक शिकायतकर्ता ने कहा है कि जब टॉपलेस जांच के दौरान वह असहज हुईं तो उन पर तंज किए गए। उनसे कहा गया कि थोड़ा खुलकर बैठिए ताकि फोटो ठीक से आएं। ये बहुत ही अपमानजनक था। इस कंपीटिशन के लिए इस तरह की किसी जांच की जरूरत नहीं थी। ये यौन शोषण के अलावा कुछ नहीं था।