4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कौन थीं 8 साल की हिराता रूना जिनकी इन्फ्लूएंजा से हुई मौत, 5 दिन पहले किया था कॉन्सर्ट में परफॉर्म

Hirata Runa Passed Away: 8 साल की बाल पॉप स्टार हिराता रूना के निधन की खबर ने उनके फैंस को दुखी कर दिया है। हिराता आखिर कौन थीं, चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Hirata Runa Death

हिराता रूना (फोटो सोर्स- Instgram/hirataruna)

Hirata Runa Death: जापान की महज 8 साल की बाल पॉप स्टार हिराता रूना के निधन की खबर ने उनके फैंस और जापानी पॉप म्यूजिक से जुड़े लोगों को भावुक कर दिया है। रूना का निधन 25 सितंबर 2026 को हुआ। वो नागोया स्थित गर्ल्स आइडल प्रोजेक्ट DIANNA प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई थीं। उनकी मौत का कारण इन्फ्लूएंजा से जुड़ी मायोकार्डाइटिस बताई गई है, जिसमें हृदय की मांसपेशियों में सूजन हो जाती है। एजेंसी ने रूना की मौत की जानकारी 28 सितंबर को साझा की थी।

कौन थीं हिराता रूना?

हिराता रूना का जन्म 16 अप्रैल 2018 को हुआ था। वह जापान के नागोया में DIANNA Project की ट्रेनी थीं और छोटी उम्र से ही आइडल बनने की दिशा में काम कर रही थीं। रूना को उनके फैंस प्यार से लूना-चान के नाम से भी जानते थे। उनके आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक उन्हें ट्रैवलिंग और वीडियो गेम्स में भी रुचि थी।

रूना ने बेहद कम उम्र में स्टेज परफॉर्मेंस शुरू कर दी थी। उनके लिए आइडल बनना केवल एक शौक नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका था। उनके परिवार ने बाद में कहा कि उनकी जिंदगी का करीब एक-तिहाई हिस्सा एक आइडल के रूप में बीता।

आखिरी परफॉर्मेंस के सिर्फ 5 दिन बाद निधन

रूना ने 20 सितंबर को DIANNA Project के Regular Live Vol. 70 कॉन्सर्ट में परफॉर्म किया था। यही उनकी आखिरी स्टेज परफॉर्मेंस साबित हुई। कार्यक्रम के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए बताया था कि उन्हें परफॉर्मेंस में काफी मजा आया। इसके महज पांच दिन बाद 25 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उनका निधन हो गया।

उनकी मौत की जानकारी सामने आने के बाद फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई। खास तौर पर उनकी आखिरी परफॉर्मेंस को लेकर फैंस भावुक नजर आए, क्योंकि कुछ ही दिन पहले रूना मंच पर अपने सपने को जी रही थीं।

इन्फ्लूएंजा से जुड़ी थी दिल की बीमारी

DIANNA Project ने अपने बयान में बताया कि रूना की मौत इन्फ्लूएंजा से जुड़ी मायोकार्डाइटिस के कारण हुई। मायोकार्डाइटिस हृदय की मांसपेशियों में होने वाली सूजन को कहा जाता है। हालांकि, एजेंसी ने उनकी मेडिकल स्थिति से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। परिवार की निजता को ध्यान में रखते हुए लोगों से इस मामले में व्यक्तिगत सवाल, मीडिया पूछताछ या सोशल मीडिया पर सवाल करने से बचने की अपील की गई है। रूना का अंतिम संस्कार और अंतिम विदाई निजी तौर पर करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में की गई।

परिवार ने कहा- 'हमेशा रहेंगी हमारी आइडल'

रूना के निधन के बाद उनके परिवार ने उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फैंस, साथी कलाकारों और एजेंसी का आभार जताया। परिवार ने कहा कि रूना की जिंदगी का एक-तिहाई हिस्सा आइडल के रूप में बीता और उन्होंने सभी से रूना को अपने दिल के किसी कोने में 'एक शाश्वत आइडल' के रूप में याद रखने की अपील की।

परिवार ने रूना के साथ अच्छा व्यवहार करने वाले साथी आइडल्स, उन्हें प्यार देने वाले फैंस और उनके सपने को आगे बढ़ाने में मदद करने वाली एजेंसी समेत सभी लोगों का धन्यवाद किया।

महज 8 साल की उम्र में दुनिया छोड़ने वाली हिराता रूना का सफर भले ही छोटा रहा, लेकिन उनके परिवार और फैंस के लिए उनकी आखिरी परफॉर्मेंस और उनकी मुस्कुराती यादें हमेशा खास रहेंगी।